June 23, 2025

BebakDuniya

साथ सच का

‘मलखंभ, योग, कुश्ती में शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को साधने की क्षमता’

Spread the love

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खटीमा में राष्ट्रीय मलखंभ प्रतियोगिता का किया शुभारंभ

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मलखंभ, योग, कुश्ती और जिम्नास्टिक का एक ऐसा अद्भुत मिश्रण है, जिसमें शरीर, मन और आत्मा के संतुलन को साधने की अद्वितीय क्षमता है। यही कारण है कि आधुनिक खेलों के बीच भी इसकी अपनी विशिष्ट पहचान बनी हुई है।

उपरोक्त बात मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 38वें राष्ट्रीय खेलों में वन चेतना केंद्र, स्पोर्ट्स स्टेडियम, चकरपुर, खटीमा में मंगलवार को मलखंभ प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कही। मुख्यमंत्री ने चकरपुर स्टेडियम में बॉक्सिंग छात्रावास बनाने की घोषणा की। कहा, सरकार प्रदेश में पारंपरिक खेलों को बढ़ावा देने के लिए भविष्य में भी ऐसे ही कार्य करती रहेगी। कहा, कई खिलाड़ी आने वाले समय में अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे और मलखंभ की हमारी प्राचीन विरासत को विश्व स्तर पर ले जाने वाले सारथी बनेंगे।

कहा, उत्तराखंड को राष्ट्रीय स्तर पर खेलभूमि के रूप में स्थापित करने के उद्देश्य से इस बार के राष्ट्रीय खेलों का भव्य आयोजन हमारे प्रदेश में हो रहा है। इससे न केवल प्रदेश के खिलाड़ियों को अपना उत्कृष्ट प्रदर्शन दिखाने का अवसर मिल रहा है, बल्कि प्रदेश का स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर भी मजबूत हुआ है। कहा, इस स्टेडियम को 16 करोड़ से अधिक की लागत से विश्वस्तरीय खेल सुविधाओं से युक्त किया गया है, जो युवाओं को कई खेलों में उत्कृष्टता प्राप्त करने में मदद करेगा।

कहा, अबकी राष्ट्रीय खेलों में उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने अब तक 19 स्वर्ण के साथ पहली बार 81 मेडल लाने में सफलता हासिल की है। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय खेल बॉक्सिंग में गोल्ड विजेता कपिल पोखरिया, वेटलिफ्टिंग में कांस्य पदक विजेता विवेक पांडे, रजत पदक विजेता अमन, फुटबॉल में रजत पदक विजेता अजय बिष्ट और बीच हैंडबॉल में रजत पदक विजेता अमन जोशी को सम्मानित किया।

कहा, पीएम मोदी के नेतृत्व में आज भारत के पारंपरिक खेलों को न केवल सम्मान की दृष्टि से देखा जाने लगा है, बल्कि वैश्विक पहचान भी मिल रही है।केंद्र सरकार द्वारा 2036 के ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए भेजे प्रस्ताव में हमारे पारंपरिक खेलों कबड्डी, खो-खो और योग आदि को ओलंपिक में शामिल करने के प्रयास भी किए हैं। राष्ट्रीय खेलों में पहली बार योग और मलखंभ जैसे हमारे पारंपरिक खेलों को भी शामिल किया गया है।

ये रहे मौजूद

मेयर रुद्रपुर विकास शर्मा, खटीमा पालिकाध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा, एडीएम पंकज उपाध्याय, अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. उत्तम सिंह नेगी, सचिव राज्य ओलंपिक एसोसिएशन डॉ. डीके सिंह, जिला क्रीड़ा अधिकारी जानकी कार्की आदि।

Loading

About The Author


Spread the love