February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

क्रिकेट खेल घर लौट रहे किशोर को उठा ले गया गुलदार, शव बरामद

Spread the love

नई टिहरी जनपद के देवप्रयाग तहसील क्षेत्र में 17 वर्षीय किशोर को गुलदार ने बनाया निवाला

शुक्रवार को सुबह वन विभाग के पिंजरे में कैद हुआ गुलदार, ग्रामीणों की मौके पर शूट करने की मांग

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। नई टिहरी जिले के देवप्रयाग तहसील क्षेत्र में बृहस्पतिवार को सायं सात बजे डिग्री कॉलेज मैदान से क्रिकेट खेलकर घर लौट रहे किशोर को गुलदार ने मार डाला। किशोर का शव शुक्रवार सुबह घटनास्थल से करीब 150 मीटर दूर वन विभाग की टीम ने बरामद कर लिया।

उधर, शुक्रवार को ही सुबह पांच बजे गुलदार भी वन विभाग के पिंजरे में कैद हो गया। वहीं, गुलदार को मौके पर ही शूट करने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी भी की। जानकारी के अनुसार, देवप्रयाग तहसील में स्टांप विक्रेता बलवंत सिंह चौहान का बेटा अनुराग चौहान (17) बृहस्पतिवार शाम को देवप्रयाग डिग्री कॉलेज में क्रिकेट खेलने गया था।

करीब सात बजे डिग्री कॉलेज से क्रिकेट खेलकर अनुराग घर लौट रहा था। इसी बीच अचानक गुलदार ने उस पर हमला कर दिया। किशोर पर हमला होते देख लोगों ने शोर मचाया, लेकिन गुलदार ने अनुराग को नहीं छोड़ा और लेकर चला गया। सूचना पर पुलिस और वन विभाग की टीम संग स्थानीय लोग भी मौके पर पहुंचे और घंटों तक उसे ढूंढते रहे, लेकिन किशोर का कुछ पता नहीं चल सका।

शुक्रवार सुबह साढ़े 10 बजे वन विभाग और पुलिस की टीम को किशोर का क्षत-विक्षत शव मिला। किशोर की मां शिक्षा विभाग में कार्यरत हैं। पुलिस के मुताबिक, अनुराग 12वीं कक्षा का छात्र था। उधर, स्थानीय विधायक ने सुबह चार बजे घटनास्थल पर पहुंचकर गुलदार को पकड़ने के निर्देश दिए।

शुक्रवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे गुलदार को पिंजरे में कैद कर लिया गया। घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। लोगों ने वन विभाग एवं सरकार से क्षेत्र में सक्रिय गुलदारों को पकड़ने की मांग की है। देवप्रयाग विधायक विनोद कंडारी ने कहा, गुलदार को सुबह साढ़े पांच बजे के करीब पिंजरे में कैद कर लिया गया है। उन्होंने घटना पर दुख जताया है।

Loading

About The Author


Spread the love