यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास मलबा आने से बाधित
ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी उफान पर, बारातघर में लोग अस्थायी शिफ्ट
मोहंड के पास सड़क धंसने से यातायात बाधित, निर्माणाधीन पुल की दीवार गिरी
हरिद्वार में सुबह छह बजे गंगा ने चेतावनी निशान को पार कर लिया था, अब शांत
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तराखंड में बारिश का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। प्रदेश में कई जगह जहां नेशनल हाईवे पहाड़ों से भारी संख्या में मलबा और पत्थर आने से बाधित हैं, वहीं बाढ़ प्रभावित लोगों को अस्थाई रूप से शिफ्ट किया गया है। ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी फिर उफना गई है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को गंगोत्री हाईवे भद्रकाली से दो किमी आगे अवरुद्ध हो गया है। पहाड़ी से हाईवे पर मलबा और बोल्डर आने से हाईवे बंद यातायात के लिए बंद हो गया। पिछले दिनों भी भद्रकाली के पास इसी स्थान पर हाईवे करीब आठ घंटे तक बाधित रहा था।
उधर, यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग डाबरकोट के पास पहाड़ से मलबा और पत्थर आने से बाधित हो गया, जबकि बाढ़ के पानी से घिरे खाराश्रोत के 80 से ज्यादा लोगों को वहीं के बारातघर में बनाए गए शिविर में ठहराया गया है। जहां पर सभी के रहने के साथ ही खानेपीने की भी व्यवस्था की गई है।
उधर, ऋषिकेश में चंद्रभागा नदी में फिर उफान आ गया। नदी के जलस्तर बढ़ने से ढालवाला कॉलोनी से पानी की निकासी भी प्रभावित हो गई है। साथ ही सात मोड़ से आगे काली मंदिर के पास रोड पर मलबा आने से यातायात प्रभावित हो गया है।
उधर, देहरादून-सहारनपुर मार्ग पर मोहंड के पास सड़क धंसने से यातायात बाधित हो गया, जिससे मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लगी हुई हैं। पुलिस मार्ग पर यातायात सुचारू करने की कोशिश कर रही है। यहां पर एक जगह जहां सड़क धंस गई, वहीं एक जगह निर्माणाधीन पुल की दीवार भी गिर गई है, जिससे लोगों को परेशानी हो रही है।
पुलिस दोनों ओर का ट्रैफिक सिंगल लेकर आवाजाही करवा रही है। उधर, हरिद्वार में शुक्रवार सुबह छह बजे गंगा ने चेतावनी निशान 293 मीटर को पार कर करीब पांच सेंटीमीटर ऊपर बह रही थी।
यहां पर गंगा का जलस्तर 293.05 दर्ज किया गया था। इसके बाद गंगा के जलस्तर में गिरावट आनी शुरू हो गया था। अब यहां पर गंगा चेतावनी निशान से 30 सेंटीमीटर नीचे बह रही है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश