कहा, पिछले वर्ष की चारधाम यात्रा के अनुभवों से सीख लेकर यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाएं
मुख्यमंत्री ने बाबा केदारनाथ डोली यात्रा संग चलने वाले मुख्य सेवक के भंडारा कार्यक्रम को किया रवाना
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। जिस दिन धामों के कपाट खुलेंगे, उस दिन हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की जाएगी। उत्तराखंड मेजबान है और हमारा दायित्व बनता है कि पिछले वर्ष की यात्रा के अनुभवों से सीख लेकर इस यात्रा को और अच्छा करें। यात्रा किसी व्यक्ति की न होकर पूरे देश की यात्रा है।


यह बात रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन से वर्चुअल बाबा केदारनाथ डोली यात्रा के साथ चलने वाले मुख्य सेवक के भंडारा कार्यक्रम के 300 सेवादारों की टीम को राजधानी के मुख्य सेवक सदन सीएम कैंप कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर रवाना करते समय कही। कहा, चारधाम यात्रा की सभी तैयारियां 10 मई तक हर हाल में पूरी करने के निर्देश अफसरों को दे दिए गए हैं। कहा, यात्रा हमारे लिए चुनौती भी है, क्योंकि हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ रही है। इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह है।
धामी ने मुख्य सेवक के भंडारा कार्यक्रम की शुभकामनाएं देते हुए कहा, 10 मई से चारधाम यात्रा शुरू होने वाली हैं, जो हमारे लिए उत्सव का वातावरण तैयार करती है। कहा, यात्रा का एक बहुत बड़ा उत्सव पूरे प्रदेश, देशवासियों, भक्तगणों, श्रद्धालुओं, तीर्थयात्रियों के लिए होता है और हम अपने-अपने तरीके से इस पुण्य में शामिल होते हैं। इस पुण्य में भंडारे के आयोजन की भूमिका है। उन्होंने टीम लीडर हिमांशु चमोली समेत महाराष्ट्र, राजस्थान, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और यहां के युवाओं को हार्दिक बधाई दी।
‘अधिकारी सामंजस्य स्थापित कर वनाग्नि पर जल्द काबू करें’
कहा, जंगलों में वनाग्नि को लेकर अफसरों संग बैठक कर निर्देश दिए हैं कि सभी आपस में सामंजस्य स्थापित कर एक ऐसा मैकेनिज्म बनाएं, ताकि जल्द वनाग्नि पर काबू पाया जा सके। उन्होंने सभी से भी वनों को बचाने के लिए अपना पूरा सहयोग देने की अपील की। कहा, वन संपदा हमारी धरोहर है, इसको हमें हर हाल में बचाना है और सभी को वनों को बचाने में योगदान देना है।
भंडारे की सभी तैयारियां पूरी, पांच से 10 तक आयोजन
चारोंधाम के कपाट खुलने से पूर्व भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली यात्रा में आने वाले सभी श्रद्धालुओं के भोजन आदि की व्यवस्था के लिए सीएम धामी की प्रेरणा से युवाओं द्वारा भंडारे का आयोजन किया जाता है। इस साल भी पांच मई से 10 मई तक मुख्य सेवक का भंडारा कार्यक्रम का आयोजन ऊखीमठ, गुप्तकाशी, फाटा, गौरीकुंड, केदारनाथ में हो रहा है, जिसकी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। कपाट खुलने के दिन मंदिर प्रांगण में भजन गायकों द्वारा प्रस्तुतियां दी जाएंगी।
इस मौके पर संस्कृति, साहित्य, कला परिषद उपाध्यक्ष मधु भट्ट, केके मदान, नवीन पिरशाली, दिनेश त्रिपाठी, मनीष सजवाण और सुबोध आदि मौजूद थे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश