February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

प्रत्येक श्रद्धालु को दर्शन करवाना हमारी जिम्मेदारी : मुख्यमंत्री

Spread the love

मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली से चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं के संबंध में की समीक्षा, अफसरों को दिए निर्देश

कहा, कई यात्राओं के कुशल प्रबंधन और संचालन के लिए यात्रा प्राधिकरण बनाने की ओर भी हो विचार

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को नई दिल्ली से वर्चुअल माध्यम से चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा बैठक करते हुए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।

कहा, आने वाले साल में भी चारधाम यात्रा और अधिक बढ़ने वाली है। चारधाम यात्रा, कांवड़ यात्रा, पूर्णागिरी यात्रा सहित प्रदेश के अंदर संपन्न होने वाली कई यात्राओं के कुशल प्रबंधन और संचालन के लिए यात्रा प्राधिकरण की ओर भी विचार किया जाए। कहा, उत्तराखंड में प्रवेश कर रहे प्रत्येक श्रद्धालु को चारधाम के दर्शन करवाना हम सभी की जिम्मेदारी है। हमने श्रद्धालुओं का सहभागी बनकर यात्रा संपन्न करवानी है। उन्होंने यात्रा को लेकर अधिकारियों को हमेशा अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए।

सीएम ने होल्डिंग प्वाइंट पर सभी मूलभूत सुविधाओं के साथ ही शौचालयों की संख्या बढ़ाने के निर्देश दिए। अत्यधिक भीड़ बढ़ने पर गाड़ियों की निकासी हेतु वैकल्पिक मार्गों पर भी विचार किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को यात्रा मार्ग पर नियमित रूप से सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। कहा, आगामी छुट्टियों एवं वीकेंड के दृष्टिगत भी सभी तैयारियां पूर्ण करें।

उन्होंने हरिद्वार, देहरादून, पौड़ी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली एवं उत्तराकाशी के जिलाधिकारी एवं प्रशासन से आपसी समन्वय के साथ काम करने के निर्देश दिए। कहा, सभी अधिकारी ग्राउंड में जाकर श्रद्धालुओं से फीडबैक भी लें, ताकि समय रहते छोटी कमियों को भी दूर किया जा सके। मुख्यमंत्री को डीएम चमोली हिमांशु खुराना ने बताया, बीते शुक्रवार को बदरीनाथ धाम में करीब 13,000 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए।

उनके द्वारा हेमकुंड साहिब यात्रा का भी पैदल निरीक्षण किया गया, जहां व्यवस्थाओं को यात्रा से पहले पूर्ण कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी उत्तरकाशी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने बताया, बीते शुक्रवार को 15,800 यात्रियों ने यमुनोत्री धाम के दर्शन किए, साथ ही गेट सिस्टम के माध्यम से निरंतर यमुनोत्री और गंगोत्री को श्रद्धालु भेजे जा रहे हैं। कई होल्डिंग प्वाइंट पर प्रशासन द्वारा सभी मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की गई है।

ये रहे मौजूद

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु , सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज गर्ब्याल, जिलाधिकारी टिहरी मयूर दीक्षित, जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग सौरव गहरवार आदि।

Loading

About The Author


Spread the love