रुद्रप्रयाग स्थित गौरीकुंड-केदारनाथ हाईवे पर सोमवार देर शाम भूस्खलन की चपेट में आया था दल
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। गौरीकुंड-केदारनाथ हाईवे पर सोनप्रयाग और गौरीकुंड के बीच पैदल तीर्थयात्रियों का एक दल सोमवार देर शाम भूस्खलन की चपेट में आ गया, जिसमें पांच की मौत हो गई, जबकि तीन घायल हो गए। घायलों को रुद्रप्रयाग जिले के गुप्तकाशी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पांच लोगों की मौत पर उनके परिजनों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की है।



सोमवार शाम करीब साढ़े सात बजे सोनप्रयाग से आधा किलोमीटर आगे गौरीकुंड की तरफ पहाड़ी से भूस्खलन हो गया। इस दौरान बाबा केदार के दर्शन कर लौट रहे कुछ तीर्थ यात्री पहाड़ी से गिरे पत्थरों और मलबे की चपेट में आ गए। यह सभी तीर्थ यात्री केदारनाथ धाम से बाबा के दर्शन कल लौट रहे थे। हादसे की जानकारी के बाद सोनप्रयाग से पहुंची एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से चार तीर्थयात्रियों को मलबे से बाहर निकाला है, इनमें से एक की मौत हो चुकी थी।
गौरतलब हो कि जैसे ही भूस्खलन की चपेट में तीर्थयात्रियों के दल के आने की जानकारी जिला प्रशासन को मिली तो फौरन ही सोनप्रयाग से मौके पर एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया था। इस दौरान टीम ने चार लोगों को मलबे से निकाल लिया था, जिसमें से एक की मौत हो चुकी थी, जबकि तीन जख्मी थे, जिनको गुप्तकाशी स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इलाज के लिए भेजा गया।
इसके बाद मौसम खराब होने और अंधेरा ज्यादा होने के चलते मलबे से अन्य लोगों को खोजने का अभियान बंद कर दिया गया था। रेस्क्यू अभियान का काम मंगलवार को सुबह फिर से शुरू किया गया। इस दौरान रेस्क्यू टीम ने मलबे से चार शव और निकाले। हादसे में मध्य प्रदेश पश्चिम बंगाल और नेपाल के यात्री चपेट में आए। गौरतलब हो कि इसी साल 31 जुलाई को केदार घाटी में आई आपदा में इसी स्थान पर करीब 150 मीटर मार्ग ध्वस्त हो गया था। इसके बाद से आसपास की पहाड़ी से लगातार पत्थर गिर रहे हैं।
इनकी हुई मौत
गोपाल (50) निवासी, जीजोड़ा, राजोद, जिला धार, मध्य प्रदेश।
दुर्गाबाई (50) निवासी नेपावाली, जिला घाट, मध्य प्रदेश।
तितली देवी (70) निवासी, ग्राम वैदेही, जिला धनवा, नेपाल।
भारत भाई निरालाल पटेल (52) निवासी ए 301 सरदार पैलेस, करवाल नगर खटोदरा, सूरत, गुजरात।
समनबाई (50) निवासी झिझोरा, जिला धार, मध्य प्रदेश।
ये हुए घायल
जीवच तिवारी (60), निवासी धनवा, नेपाल।
मनप्रीत सिंह (30), निवासी पश्चिम बंगाल।
छगनलाल (45) निवासी राजोत, जिला धार, मध्य प्रदेश।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश