February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

एसडीआरएफ ने ढाई सौ से ज्यादा का किया रेस्क्यू

Spread the love

ऊधमसिंह नगर के खटीमा और चंपावत के बनबसा में चलाया रेस्क्यू, ऋषिकेश से भी पहुंची एसडीआरएफ की एक टीम

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। कुमाऊं मंडल के ऊधमसिंह नगर और चंपावत जिले के दो क्षेत्रों में बाढ़ में फंसे करीब ढाई सौ से ज्यादा लोगों का सोमवार को रेस्क्यू कर एसडीआरएफ के जवानों ने सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। उधर, दोपहर बाद पहाड़ों की रानी मसूरी में झमाझम बारिश फिर शुरू हो गई।

सोमवार को ऊधमसिंह नगर के खटीमा क्षेत्र के चकरपुर में एसडीआरएफ की टीम ने बाढ़ क्षेत्र से रेस्क्यू अभियान चला करीब 100 से अधिक लोगों को निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। वहीं, गढ़वाल मंडल के देहरादून जिले के ऋषिकेश से बैकअप के तौर पर गई एसडीआरएफ की टीम भी ऊधमसिंह नगर पहुंच चुकी है।

इस टीम ने भी अरविन्दनगर में रेस्क्यू का कार्य शुरू कर दिया है। उधर, चंपावत जिले के बनबसा में अभी तक 110 लोगों का रेस्क्यू एसडीआरएफ द्वारा किया जा चुका है। एसडीआरएफ की पांच टीमों द्वारा रेस्क्यू अभियान चलाया जा रहा है। दोनों जिलों में अभी तक एसडीआरएफ द्वारा 200 से अधिक लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। इसके अलावा मौके पर सेना और एनडीआरएफ भी पहुंच चुकी है। अब तीनों दल द्वारा संयुक्त रेस्क्यू अभियान चला रहे हैं।

एसडीआरएफ के मुताबिक, ऊधमसिंह नगर के अरविन्दनगर, सितारगंज से राफ्ट के माध्यम से 59 लोगों को प्राथमिक विद्यालय, झाड़ी, सितारगंज सकुशल पहुंचाया गया, जहां रुकने एवं खाने की व्यवस्था की गई है। उधर, पहाड़ों की रानी मसूरी में सोमवार को दोपहर बाद फिर से झमाझम बारिश का दौर शुरू हो गया, जिससे शहर का जनजीवन अस्तव्यस्त हो गया। बारिश के साथ ही कोहरा भी छाया हुआ है।

Loading

About The Author


Spread the love