February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

कांग्रेस पांच गारंटी के साथ चुनाव में उतरेगी : माहरा

Spread the love

पार्टी छोड़कर जाने वालों को लालची और डरा हुआ बताते हुए सत्तभोगी भी कहा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने कहा, पार्टी आगामी लोकसभा में पांच गारंटी के साथ चुनाव मैदान में उतरेगी। पार्टी छोड़कर जाने वालों पर कटाक्ष करते हुए कहा, सत्ताभोगी के साथ लालच और डर वाले लोग ही पार्टी छोड़कर जा रहे हैं।

प्रदेश कार्यालय में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए माहरा ने पांच गारंटी गिनाते हुए पहली गारंटी का जिक्र करते हुए कहा, पेपर लीक के कानून मात्र से कोई समाधान नहीं निकलने वाला, इसलिए कांग्रेस यूपीएससी की तर्ज पर व्यवस्था को पारदर्शी और पेपर लीक रहित बनाएगी। दूसरी गारंटी का जिक्र करते हुए कहा, अखबार बांटने वाले, स्विगी, जोमैटो जैसे डिलीवरी ब्वाय को सामाजिक सुरक्षा की गारंटी कांग्रेस देगी, जिससे उनका भविष्य सुरक्षित हो।

तीसरी गारंटी पर कहा, 5000 करोड़ का कॉर्पस फंड बनाया जाएगा, जिसके मार्फत स्किलफुल युवाओं को मदद की जाएगी। चौथी गारंटी पर कहा, देश में 20 लाख खाली पदों को भरा जाएगा और युवाओं के लिए ग्रेजुएशन करने के तुरंत बाद सरकारी और निजी क्षेत्र में नौकरी की व्यवस्था की जाएगी। कहा, पांचवीं गारंटी के पीछे उद्देश्य है कि गिरती हुई इकोनॉमी को मजबूती मिले। कहा, असंगठित क्षेत्र के युवाओं, लोगों को सुरक्षा की गारंटी पार्टी देगी, क्योंकि वर्तमान में नौकरियां जाने की वजह से लोगों में दहशत का माहौल है।

हाल ही में पार्टी छोड़कर जाने वाले पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता भुवन चंद्र खंडूड़ी के बेटे मनीष खंडूड़ी पर कटाक्ष करते हुए कहा, कुछ लोग लालच और डर के साथ ही सत्ताभोगी होते हैं, वही लोग पार्टी छोड़कर जा रहे हैं। कहा, भाजपा में बहुत घबराहट है। सवाल किया, अगर भाजपा 400 पार करने वाली है, तो दूसरे दलों के लोगों को क्यों पार्टी में शामिल कर रही है।

कहा, मनीष खंडूड़ी को सम्मान देने में कांग्रेस ने कोई कमी नहीं छोड़ी। कहा, उनके पिता भाजपा के पूर्व मुख्यमंत्री रहे, जबकि उनकी बहन भाजपा विधायक के साथ विधानसभा अध्यक्ष भी हैं, इसके बावजूद कांग्रेस ने मनीष खंडूड़ी को पूरा सम्मान दिया है। कहा, हमें उनके पार्टी छोड़ने का दुख है, उन्हें थोड़ा सब्र रखना चाहिए था। उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा, कांग्रेस मुक्त कहने वाली भाजपा आज कांग्रेस युक्त हो गई है। इस मौके पर कई नेता मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love