February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

केदारनाथ जा रहे तीर्थयात्रियों पर गिरा मलबा, तीन की मौत

Spread the love

पांच लोग घायल, रविवार को सुबह रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर हादसा

गंगोत्री हाईवे बिशनपुर के पास मलबा आने से बंद, दोनों ओर लगा लंबा जाम, आठ घंटे बाद खुला

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। रविवार को सुबह रुद्रप्रयाग जिले में पहाड़ से हुए भूस्खलन होने से गिरे मलबे और पत्थर की चपेट में आकर केदारनाथ धाम जा रहे तीन तीर्थयात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। मरने वालों में दो महाराष्ट्र और एक स्थानीय है।

मिली जानकारी के अनुसार, रुद्रप्रयाग जिले के गौरीकुंड-केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा के समीप रविवार को सुबह साढ़े सात बजे अचानक पहाड़ी से भारी मलबा और बोल्डर गिरने लगा। इस दौरान आठ तीर्थयात्री जो बाबा केदार के दर्शनाें के लिए पैदल जा रहे थे चपेट में आ गए। यात्रियों के दबने की सूचना स्थानीय दुकानदारों ने फौरन जिला आबदा अधिकारी समेत पुलिस प्रशासन के अफसरों को देते हुए राहत बचाव दस्ते को भी दिया।

सूचना पर फौरन राहत बचाव दस्ते पुलिस और प्रशासन की टीम के साथ मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। इस दौरान टीम के सदस्यों ने मलबे में दबे और पत्थरों की चपेट में आकर जख्मी हुए सभी आठों लोगों को निकालकर गौरीकुंड स्थित अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां पर डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायल पांच लोगों को भर्ती कर उपचार शुरू किया।

उधर, इस बाबत रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया, केदारनाथ पैदल मार्ग पर चिरबासा में हैलीपैड के पास भूस्खलन होने से तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि पांच घायल हुए हैं। उधर, बारिश के चलते मार्ग पर मलबा आने से गंगोत्री हाईवे बिशनपुर में बंद हो गया, जिससे दोनों ओर लंबा जाम लग गया। जाम में करीब आठ सौ से ज्यादा लोग फंस गए, जिसमें सैकड़ों कांवड़िया शामिल थे, इस दौरान कई कांवड़िये मलबे के ऊपर से जाने का प्रयास करने लगे, लेकिन मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उनको रोका। मौके पर पुलिस के साथ ही बीआरओ की टीम भी दो जेसीबी के साथ पहुंची और कड़ी मेहनत के बाद करीब आठ घंटे बाद हाईवे को खोला। इसके बाद आवागमन सुचारू हो सका।

उधर, प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केदारनाथ यात्रा मार्ग के पास पहाड़ी से मलबा व भारी पत्थर गिरने से कुछ यात्रियों के घायल और तीन लोगों की मौत पर गहरा दुख जताते हुए ईश्वर से दिवंगतों की आत्मा को श्रीचरणों में स्थान प्रदान करने एवं शोकाकुल परिजनों को असीम दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। सीएम ने घायलों के घायल बेहतर उपचार के निर्देश दिए हैं।

इनकी हुई मौत

किशोर अरुण पराटे (31), नागपुर महाराष्ट्र।
सुनील महादेव काले (24), जिला जालना, महाराष्ट्र जालना।
अनुराग सिंह बिष्ट (22), तिलवाड़ा, रुद्रप्रयाग

ये हुए घायल

चेला भाई चौधरी, जगदीश, अभिषेक चौहान, धनेश्वर पांडे, हरदाना भाई पटेल।

Loading

About The Author


Spread the love