कहा, चारधाम यात्रा की लगातार मॉनिटरिंग करें अधिकारी, इसमें लापरवाही सहन नहीं की जाएगी
बोले, रजिस्ट्रेशन के अनुसार ही श्रद्धालुओं को चारधाम यात्रा की दें अनुमति, ठहराव स्थलों पर यात्रियों को मिलें सुविधाएं
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। शुक्रवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए यात्रा से जुड़े जनपदों के डीएम से कई व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।







इसके साथ ही मुख्यमंत्री धामी बड़कोट जाकर ग्राउंड जीरो से यमुनोत्री धाम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान यात्रियों से वार्ता कर उनके साथ सेल्फी भी ली। चारधाम यात्रा में श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत और यात्रा को सुगम बनाने के लिए धामी स्वयं शुक्रवार को मोर्चा संभाल लिया। मुख्यमंत्री ने चारधाम यात्रा से जुड़े सभी विभागों के सचिवों को निर्देश दिए कि वे लगातार चारधाम यात्रा मार्गों पर अपने विभागों से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को देंखे और अफसरों को भी मौके पर भेजें।
कहा, यात्रा व्यवस्थाओं में सभी अधिकारी यात्रा से जुड़े जनपदों के जिलाधिकारी और एसपी का पूरा सहयोग करें। यात्रा व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निर्देश दिए कि यात्रियों को जिन स्थानों पर ठहराने की व्यवस्थाएं की गई हैं, यह सुनिश्चित किया जाए कि उन स्थानों पर सभी सुविधाएं पेयजल, विद्युत, शौचालय, खानपान और बच्चों के लिए दूध और अन्य जरूरी सुविधाएं मुहैया रहें।
उन्होंने निर्देश दिए कि चारधाम पैदल मार्गों पर श्रद्धालुओं को पेयजल एवं अन्य सुविधाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हों। यात्रा के दौरान भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा के दृष्टिगत आवश्यकतानुसार वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था की जाए और श्रद्धालुओं को इन मार्गों के बारे में जानकारी भी दी जाए। सचिव परिवहन को निर्देश दिए कि वाहनों की फिटनेस का विशेष ध्यान रखा जाए। बिना फिटनेस के कोई वाहन यात्रा मार्ग पर चल रहे हैं तो इसके लिए सबंधित परिवहन अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाए।
मुख्यमंत्री ने रुद्रप्रयाग के जिलाधिकारी सौरभ गहरवार से केदारनाथ यात्रा के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने बताया, यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। 17 मई को केदारनाथ में 11 हजार हजार श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं और पैदल मार्ग से आठ हजार यात्री दर्शन को गए हैं। सीसीटीवी कैमरों से यात्रा मार्ग पर वाहनों के आवागमन की व्यवस्थाओं की कंट्रोल रूम से निगरानी की जा रही है। उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट ने सीएम को बताया, श्रद्धालुओं के लिए जिन स्थानों पर ठहराव की व्यवस्था की गई है, वहां पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने कहा, बदरीनाथ में यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। आगामी सप्ताह में अवकाश के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं की जा रही हैं।
ये रहे मौजूद
प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव अरविंद सिंह ह्यांकी, डॉ. पंकज कुमार पांडेय, सचिन कुर्वे, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, सचिव एसएन पांडेय, विशेष सचिव डॉ. पराग मधुकर धकाते, महानिदेशक सूचना बंशीधर तिवारी, जिलाधिकारी देहरादून सोनिका, एसएसपी अजय सिंह, वर्चुअल माध्यम से डीजीपी अभिनव कुमार, जिलाधिकारी हरिद्वार धीराज गर्ब्याल।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश