February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

चारधाम यात्रा में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई : धामी

Spread the love

यात्रा की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए एसीएस आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में कमेटी बनाने के निर्देश

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। शुक्रवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चारधाम यात्रा की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए अपर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में कमेटी गठित करने के निर्देश दिए। कहा, यात्रा में किसी भी तरह की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

धामी शुक्रवार को नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन से वर्चुअल चारधाम यात्रा की समीक्षा कर रहे थे। निर्देश दिए कि सभी विभाग आपसी समन्वय से यात्रा के सुगम संचालन हेतु जिम्मेदारियों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करें। किसी भी स्तर पर लापरवाही पर सीधे कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यात्रा की निरंतर मॉनिटरिंग के लिए एसीएस आनंद बर्द्धन की अध्यक्षता में कमेटी बनाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने अफसरों को सख्त निर्देश दिए कि यात्रा मार्गों पर शासन के बड़े अफसर एवं पुलिस के आईजी स्तर के अधिकारी यात्रा के बेहतर संचालन के लिए निरंतर फील्ड में रहें।

कहा, यदि श्रद्धालु बिना रजिस्ट्रेशन के धामों में पहुंचते हैं, तो इसके लिए अब संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। कहा, मंदिरों में श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए एक समान समय मिले। साथ ही रजिस्ट्रेशन एवं दर्शन व्यवस्था में वरिष्ठ नागरिकों को प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने ऋषिकेश, हरिद्वार एवं अन्य ठहराव वाले स्थानों से केदारनाथ, बदरीनाथ के लिए जा रही गाड़ियों को अलग-अलग समय में छोड़ने के निर्देश दिए।

कहा, आवश्यकता हो तो बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) से समन्वय कर मंदिरों में दर्शन का समय अवधि भी बढ़ाई जाए। कहा, चारधाम यात्रा में आगामी मानसून सीजन को लेकर भी सभी तैयारियां समय रहते पूर्ण की जाएं। बरसात के दौरान यात्रा में होने वाली परेशानियों से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखी जाए। कहा, श्रद्धालुओं के लिए तय किए गए ठहराव वाले स्थान पर नियमित सफाई पेयजल, अन्य मूलभूत सुविधाओं की व्यवस्था की जाए।

कहा, जरूरत के अनुसार अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी की जाए। कहा, यात्रा को चलाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है और श्रद्धालुओं की सेवा करना हमारा कर्तव्य।

ये रहे मौजूद

मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, सचिव शैलेश बगौली, दिलीप जावलकर, गढ़वाल कमिश्नर विनय शंकर पांडेय, एडीजी अमित सिन्हा, एपी अंशुमान, आईजी केएस नगन्याल, अपर सचिव पर्यटन युगल किशोर पंत, जिलों के जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक एवं अन्य अफसर मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love