गंगोत्री हाईवे नेताला और बिशनपुर के पास मलबा आने से अवरुद्ध
बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर गौचर कमेड़ा के पास पहाड़ी से बोल्डर आने से कार दुर्घटना होने से बालबाल बची
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में मंगलवार को रातभर हुई बारिश से यमुना नदी जानकीचट्टी में फिर उफना गई। जानकीचट्टी के बस पार्किंग के अंदर पानी प्रवेश करने से अफरातफरी का माहौल बन गया।



इस बीच यमुना नदी पिछले 12 दिन के अंदर दूसरी बार जहां उफनाई, वहीं जानकीचट्टी बस पार्किंग में भी पानी दूसरी बार घुसा। यमुना नदी का जलस्तर मंगलवार रात 12 बजे के बाद बढ़ा और रात दो बजे तक जानकीचट्टी में अफरातफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों ने यमुना नदी के तटवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों को कई माध्यमों से सूचना भेजकर सतर्क रहने की सलाह दी है।
यमुना नदी के जलस्तर के बढ़ने के साथ ही बस पार्किंग में किसी प्रकार के नुकसान की सूचना नहीं है। यमुनोत्री धाम से यमुना के पुजारी गिरीश उनियाल ने बताया, धाम में कल से लगातार बारिश हो रही है, लेकिन यहां यमुना नदी सामान्य रूप से बह रही है। बताया, संभवतया भंडेलीगाड में अधिक पानी आने से यमुना नदी का जलस्तर बढ़ा होगा। उधर, उत्तरकाशी स्थित गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग नेताला और बिशनपुर के पास मलबा आने से अवरुद्ध हो गया। उक्त दोनों स्थानों पर मार्ग सुचारू करने के लिए बीआरओ की टीम और मशीनरी कार्य में जुट गई है।
उधर, बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर गौचर कमेड़ा के पास पहाड़ी से बोल्डर आने से कार दुर्घटना होने से बालबाल बच गई, जिससे हादसा बच गया। कर्णप्रयाग से ऋषिकेश की ओर कर जा रही थी, इस बीच पहाड़ी से अचानक गिरे बोल्डर की चपेट में कार भी आ गई, लेकिन ऊपर वाले का लाख लाख शुक्र है कि कोई जनहानि नहीं हुई। कार को धक्का मारकर निकाला गया।
अस्थायी पैदल पुल लगातार बारिश से बहा
रुद्रप्रयाग के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार ने बताया, सोनप्रयाग में मंदाकिनी नदी पर सेना द्वारा केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग में फंसे तीर्थयात्रियों को सुरक्षित निकालने के लिए जो अस्थायी पैदल पुल तैयार किया गया था, मंगलवार की रात लगातार भारी बारिश से नदी का जलस्तर बढ़ने से बह गया, जिससे लोगों की दुश्वारियां और भी बढ़ गई हैं।
हिरणन्यवाहु नदी भी उफनाई
खरशालीगांव के दूसरी ओर बहने वाली हिरणन्यवाहु नदी भी बुधवार को उफान पर पहुंच गई, जिससे ग्रामीणों की भूमि को नुक़सान की सूचना है।





More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश