बेबाक दुनिया डेस्क
टिहरी गढ़वाल। सोमवार को शिवपुरी की एडिट-2 टनल में 300 मीटर अंदर काम कर रहे 114 इंजीनियर व श्रमिक बारिश के करीब पांच फीट पानी में फंस गए, जिनको सूचना पर पहुंची पुलिस ने सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाल लिया।
मिली जानकारी के अनुसार, एलएंडटी कंपनी शिवपुरी के प्रबंधक अजय प्रताप सिंह ने चौकी प्रभारी शिवपुरी को फोन पर सूचना देकर बताया कि एडिट 2 टनल में काम करने वाले मजदूर एवं इंजीनियर टनल के करीब 300 मीटर अंदर बारिश के पानी में फंस गए हैं। पुलिस को उन्होंने बताया, टनल में करीब पांच फीट पानी भर गया है।
सूचना पर चौकी प्रभारी शिवपुरी मौके पर फोर्स व जल पुलिस के साथ पोकलैंड मशीन व अन्य आपदा उपकरणों के साथ पहुंचे। फोर्स ने देखा कि टनल के अंदर करीब पांच फीट पानी भरा है, लगातार पानी बढ़ता जा रहा है।
पुलिस के मुताबिक, टनल के बाहर मलबा आने से पानी की निकासी नहीं हो रही थी। इस पर पोकलैंड मशीन द्वारा मलबा हटवाकर पानी को बाहर निकाला गया और रस्सा व अन्य आपदा उपकरणों से टनल में प्रवेश कर 114 लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया। एलएंडटी कंपनी के अफसरों और कर्मियों ने पुलिस के काम की प्रशंसा की। रेस्क्यू टीम में चौकी प्रभारी मुनी की रेती रितेश शाह, दरोगा प्रदीप रावत चौकी, हेड कांस्टेबल अजयराज सिंह, सिपाही मनीष कुमार, रविंद्र राणा, जल पुलिस के सिपाही जयदीप नेगी, दिवाकर फुलोरिया, दीपक रावत थे।

![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश