February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

दरोगा की बेटी की हत्या कर युवक चीला नहर में कूदा, लापता

Spread the love

रविवार रात छिद्दरवाला तीन पानी पुलिया के नीचे युवती की हत्या कर रात साढ़े नौ बजे चीला नहर में लगाई छलांग

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। रायवाला थाना क्षेत्र के छिद्दरवाला के तीन पानी पुलिया के नीचे
हरिद्वार-देहरादून राजमार्ग पर रविवार की रात दरोगा की बेटी की गला रेत कर हत्या करने के बाद युवक ने भी चीला नहर में छलांग लगा दी। पुलिस, एसडीआरएफ की टीम नहर में युवक की तलाश में सर्च अभियान चला रही है।

रायवाला पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह ग्रामीणों ने करीब 20-22 वर्ष की युवती का शव पड़ा देखा। युवती का गला किसी धारदार हथियार से रेता गया था और मौके पर काफी खून भी पड़ा हुआ था। ग्रामीणों की सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल की तो पता चला कि जिस युवती का शव है, उसका नाम आरती डबराल है और उसके पिता शिवप्रसाद डबराल देहरादून शहर कोतवाली में दरोगा के पद पर तैनात हैं और ऋषिकेश में रहते हैं।

पुलिस ने बताया, जांच में पता चला कि युवती किसी की बर्थडे पार्टी के लिए अपने दोस्त ऋषिकेश निवासी शैलेंद्र भट्ट के साथ निकली थी। पुलिस के मुताबिक, युवक और युवती को रविवार को देर शाम लोगों ने तीन पानी पुलिया के पास टहलते भी देखा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने युवती की गला रेतकर क्यों हत्या की और खुद आत्महत्या करने के लिए चीला नहर में छलांग क्यों लगाई, इसकी पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक, ये भी पड़ताल की जा रही है कि नहर में छलांग लगाने वाला युवक वही है जो युवती के साथ घूम रहा था, या कोई और?। इस बाबत सहायक पुलिस अधीक्षक जितेंद्र चौधरी ने बताया, हर पहलू पर गंभीरता से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पता चल सकेगा। नहर में युवक की तलाश के लिए सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

Loading

About The Author


Spread the love