February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

द्वितीय केदार मदमहेश्वर के 20 मई को खुलेंगे कपाट

Spread the love

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। द्वितीय केदार मदमहेश्वर के कपाट खुलने की प्रक्रिया कल बृहस्पतिवार 16 मई से शुरू हो रही है। इस वर्ष 20 मई को कपाट खुलेंगे, लेकिन इसके पूर्व 16 मई से कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। मदमहेश्वर के कपाट शुभ मुहुर्त पूर्वाह्न सुबह 11.15 खुल जाएंगे।

बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया, मदमहेश्वर मंदिर के कपाट खुलने की तैयारियों हेतु निर्देशित किया गया है। मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह के निर्देश पर कार्याधिकारी आरसी तिवारी द्वारा भगवान मदमहेश्वर की डोली यात्रा संचालन के लिए वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी यदुवीर पुष्पवान को देवरा प्रभारी और अवर सहायक संजय तिवारी को डोली प्रभारी बनाया गया है।

कपाट खुलने की प्रक्रिया के अंतर्गत भगवान मदमहेश्वर चल विग्रह उत्सव डोली 16 मई को शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ सभामंडप में दर्शनार्थ विराजमान होगी। इस अवसर पर मदमहेश्वर धाम के पुजारी टी गंगाधर लिंग, पुजारी बागेश लिंग, ओंकारेश्वर मंदिर के प्रभारी रमेश नेगी सहित पंचगौंडारी हक हकूकधारी तीर्थपुरोहित तथा श्रद्धालुजन मौजूद रहेंगे।

17 मई को पूजा-अर्चना एवं नए अनाज का भोग लगाकर सर्वकल्याण की कामना की जाएगी। बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डा. हरीश गौड़ ने बताया, 18 मई को सुबह भगवान मदमहेश्वर की चल विग्रह डोली और देव निशान शीतकालीन गद्दी स्थल ओकारेश्वर मंदिर से राकेश्वरी मंदिर रांसी रात्रि विश्राम को पहुंचेंगी। 19 मई को श्री राकेश्वरी मंदिर रांसी से प्रवास हेतु दूसरे पड़ाव गोंडार गांव पहुंचेगी, जबकि 20 मई को सुबह चल विग्रह डोली गोंडार से मदमहेश्वर धाम पहुंचेगी और इसी दिन सुबह सवा ग्यारह बजे कपाट खुलेंगे।

Loading

About The Author


Spread the love