गढ़वाल और कुमाऊं मंडल के जंगल लगातार धधक रहे, सरकारी मशीनरी के आग के रोकथाम के प्रयास बौने
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। करीब एक पखवाड़ा होने को है, लेकिन दो मंडलों गढ़वाल और कुमाऊं में बंटा उत्तराखंड प्रदेश जंगलों के आग से निजात नहीं पा सका। यहां जंगल की आग रोजाना ही सैकड़ों हेक्टेयर वन भूमि को अपने आगोश में लेकर राख में मिला रही है। उधर, जंगलों की आग से निकलने वाली धुंध और धुआं लोगों की तबीयत भी नासाज कर रहा है।






गढ़वाल मंडल के रुद्रप्रयाग जिले में भाणाधार के ऊपरी तरफ शनिवार को भी वनाग्नि धधक उठी। रात करीब नौ बजे के बाद लगी यह आग काफी विकराल हो गई है। राष्ट्रीय राजमार्ग से करीब 30 मीटर ऊपर जंगल में आग लगने से स्थानीय आबादी को भी खतरा पैदा हो गया है। उधर, उत्तरकाशी जिले वनाग्नि की घटनाएं नहीं थम रही हैं। मुख्यालय से सटे बाड़ाहाट और मुखेम रेंज के जंगलों के साथ चिन्यालीसौड़ तक फैले धरासू रेंज के जंगल धू-धू कर कर जल रहे हैं।
पिछले साल वनाग्नि की केवल छह घटनाएं दर्ज हुई थी, जिसमें 2.25 हेक्टेयर जंगल जला था। वहीं, इस बार अभी तक 27 घटनाएं दर्ज की जा चुकी हैं, जिसमें 19.55 हेक्टेयर जंगल राख हो चुका है। वहीं, चमोली जिले के जंगल भी लगातार धधक रहे हैं। जिले के पोखरी ब्लॉक के सरमोला गांव के सिविल वन भूमि में भी आग लग गई। कर्णप्रयाग में फिलहाल बारिश होने के बाद जंगलों में लगी आग धीमी हुई है, लेकिन इस वक्त पहाड़ में सिर्फ धुआं ही धुआं फैला हुआ है।
कहीं कहीं आग भी जलती दिखाई पड़ रही है, लेकिन शुक्रवार रात को जहां एंड, सेमी ग्वाड सहित पाड़ली के जंगल फिर धधक उठे, वहीं शनिवार दोपहर को एंड की तलहटी के जंगल घटगाड़ गदेरे के पास जल उठे, लेकिन यहां आग पर नियंत्रण के लिए न कोई कर्मी दिखा न ही कोई ग्रामीण। यहां भयंकर आग के बीच से वाहन, स्कूली बच्चे गुजरते रहे।
उधर, पौड़ी गढ़वाल जिला मुख्यालय से 20 किमी दूर ल्वाली में भी शनिवार सुबह जंगल में भयंकर आग लग गई है। यहां पर आग को बुझाने के लिए वन विभाग की क्यूआरटी जुटी है। वहीं, पौड़ी-टेका रोड पर शनिवार सुबह से जंगल में आग लगी हुई है। फायर और वन विभाग की टीम आग को बुझाने में जुटी हुई है। पौड़ी के श्रीनगर के निकटवर्ती जनासु गांव के पास के जंगल में शनिवार को दोपहर बाद एक बजे आग लग गईं। धीरे धीरे आग ने जंगल को अपनी चपेट में ले लिया।
वनाग्नि की फर्जी खबरों को लेकर तीन युवक गिरफ्तार
चमोली जिले में सोशल मीडिया पर वनाग्नि को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बनाई वीडियो का संज्ञान लेते हुए चमोली पुलिस ने तीन युवाओं को गिरफ्तार किया है। जांंच में वीडियो पांडवाखाल, गैरसैंण का होना पाया गया। सोशल मीडिया में वायरल वीडियो में कुछ युवक वनाग्नि को बढ़ावा देते हुए नजर आ रहे हैं। एसपी सर्वेश पंवार के निर्देश पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बृजेश कुमार, सलमान व शुखलाल निवासी बिहार प्रांत को गिरफ्तार कर लिया है। युवकों ने बताया, सोशल मीडिया पर लोकप्रियता हासिल करने के लिए वीडियो अपलोड किया था।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश