February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

पीएम और गृह मंत्री से मिल धामी ने कई मांगें रखीं

Spread the love

तीसरी बार प्रधानमंत्री बनने पर मोदी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दी बधाई, स्मृति चिन्ह भी भेंट किया

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर प्रदेश की कई मांगों पर चर्चा कर पूरी करने की मांग की। इस दौरान धामी ने प्रधानमंत्री मोदी को तीसरी बार देश की कमान संभालने पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए स्मृति चिन्ह भी भेंट किया। उधर, मुख्यमंत्री धामी ने गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात की।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने जौनसार बावर क्षेत्र में स्थित महासू देवता मंदिर क्षेत्र को मास्टर प्लान के तहत विकसित करने के लिए सहयोग मांगा। प्रधानमंत्री से राज्य की विशेष भौगोलिक परिस्थितियों एवं सामरिक दृष्टिकोण को ध्यान में रखते हुए अधिसूचित नियम 2017 की व्यवस्था को यथावत रखने का अनुरोध किया। साथ ही अलकनंदा, भागीरथी और सहायक नदियों में प्रस्तावित 24 जल विद्युत परियोजनाओं के संबंध में सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित विशेषज्ञ समिति-2 की अंतिम रिपोर्ट पर जल शक्ति मंत्रालय तथा विद्युत मंत्रालय के साथ पुर्नसमीक्षा करने के लिए अनुरोध किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से इंटीग्रेटेड विनिर्माण क्लस्टर खुरपिया के अनुमोदन, देहरादून-मसूरी रेल लाइन परियोजना की स्वीकृति, प्रस्तावित ज्योलिकांग-वेदांग पांच किमी, सीपू-तोला 22 किमी. और मिलम-लैपथल 30 किमी टनल परियोजनाओं की प्रशासकीय एवं वित्तीय स्वीकृति का अनुरोध भी किया। इसके अलावा मानसखंड मंदिर माला मिशन के प्रथम चरण में 16 मंदिरों के समग्र विकास एवं मंदिर मार्गों को टू लेन करने के लिए एक हजार करोड़ की सहायता प्रदान करने का अनुरोध किया।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रधानमंत्री मोदी से राज्य में निवेश प्रोत्साहन के लिए मल्टी मॉडल लॉजिस्टिक पार्क (एमएमएलपी) और औद्योगिक विकास के लिए भेल हरिद्वार से राज्य को भूमि हस्तान्तरण का अनुरोध किया। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी को महासू देवता मंदिर की प्रतिकृति, बदरीनाथ धाम की प्रसाद सामग्री एवं शॉल भेंट किया।

Loading

About The Author


Spread the love