February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

प्रेमी के पिता को पीट-पीट कर मार डाला

Spread the love

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी युवक ने चार मई को युवती को घर से भगाकर कर ली थी शादी

गुस्साए युवती के परिजनों ने प्रेमी-प्रेमिका को ढूंढने के बहाने घर से ले जाकर घटना को दिया अंजाम

बेबाक दुनिया ब्यूरो

हरिद्वार। चार मई शनिवार को प्रेम प्रसंग के चलते उत्तर प्रदेश के सहारनपुर निवासी एक युवक ने प्रेमिका को घर से भगाकर शादी कर ली। गुस्साए युवती के परिजनों ने प्रेमी के पिता को घर से ढूंढने के बहाने रविवार को साथ में लिया और रास्ते में पीट-पीट कर हत्या कर मौके से फरार हो गए।

युवती के परिजनों ने प्रेमी के पिता के साथ ही एक युवक को भी मारपीट कर घायल कर दिया। पीट-पीट कर हत्या की सूचना पर एसएसपी प्रमेंद्र डोबाल और एसपी देहात एसके सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जानकारी ली। एसएसपी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के थाना नागल क्षेत्र के गांव निवासी युवक का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। शनिवार चार मई को दोनों ने घर से भाग कर शादी कर ली।

पुलिस के मुताबिक, इससे नाराज लड़की के परिजन युवक के सहारनपुर स्थित घर पहुंचे और पूछताछ की। युवक के पिता ने जानकारी से इन्कार कर दिया तो युवती के परिजन खफा हो गए, लेकिन युवक के पिता को साथ में दोनों की तलाश करने की बात कहकर लेकर चल पड़े। युवक के पिता के साथ एक अन्य युवक भी चल दिया। शाम को मंगलौर पुलिस को सूचना मिली कि कुछ लोगों ने सकौती मार्ग पर उनके साथ मारपीट की है।

सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। इस पर युवक के पिता के साथ चल रहे युवक ने बताया, युवती के परिजनों ने रास्ते में प्रेमी के पिता और उसके साथ मारपीट की, जिससे प्रेमी के पिता की मौत हो गई और युवती के परिजन भाग गए। एसएसपी ने बताया, म़ृतक के पुत्र ने युवती से शादी कर ली है। इससे युवती के परिजन नाराज थे। कहा, मामले की जांच कराई जा रही और तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।

Loading

About The Author


Spread the love