February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

बंद सड़कों को शीघ्र खोला जाए : सुमन

Spread the love

भारी बारिश के अनुमान को देख सचिव आपदा प्रबंधन ने की जनपदों की स्थिति की समीक्षा

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे के साथ ही बंद ग्रामीण सड़कों को जल्द से जल्द खुलवाना सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।

यह बात मौसम विभाग द्वारा रविवार को उत्तराखंड के अधिकांश जनपदों में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को देखते हुए सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के आईटी पार्क स्थित राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र (कंट्रोल रूम) से जनपदों की स्थिति की समीक्षा के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों के जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को अलर्ट पर रहने और हालात पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए।

रविवार को सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे और वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से सभी जिलों के आपदा प्रबंधन अधिकारियों से वर्तमान स्थिति और जिलों में हो रही बारिश को लेकर जानकारी ली। कहा, यदि मार्ग बंद हैं तो साइनेज लगाए जाएं और लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जाए। साथ ही मार्ग खुलने की भी जानकारी लोगों तक कई माध्यमों से पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने ग्रामीण सड़कों को भी जल्द से जल्द खोलने के लिए जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने नदियों के जलस्तर को लेकर भी डीडीएमओ से जानकारी ली और किसी भी आपात स्थिति को लेकर तुरंत राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र में सूचना भेजने के निर्देश दिए। साथ ही नदियों का जलस्तर बढ़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने और लोगों को नदी-नालों से दूर रहने को लेकर जागरूक करने को कहा।

‘सोशल मीडिया पर डाली जा रहीं फर्जी पोस्ट’

कहा, सोशल मीडिया पर कई आपदाओं को लेकर भ्रामक और फर्जी पोस्ट डालने की सूचना मिली है। पुराने वीडियो, फोटो को वर्तमान का बताकर गलत तरीके से प्रसारित किया जा रहा। सभी डीडीएमओ से कहा, आम जनता में भय और डर का माहौल न रहे, इसलिए ऐसे भ्रामक सोशल मीडिया पोस्ट का तुरंत खंडन करें।

सूखी नदियों पर नजर रखने के निर्देश

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने प्रदेशभर में सूखी नदियों पर खासतौर पर नजर रखने के निर्देश दिए। कहा, भारी बारिश से सूखी नदियों में भी खतरा उत्पन्न हो सकता है। लोगों से भी सूखी नदियों में न जाने तथा वाहन आदि न खड़े करने की अपील की। जिलों के कंट्रोल रूम में इंटरनेट की सुविधा और कनेक्टिविटी सुचारू और निर्बाध रूप से बनी रहे, इसे लेकर सचिव ने सभी जिला आपदा प्रबंधन अधिकारियों को निर्देश दिए कि सिर्फ एक नेटवर्क के भरोसे न रहें और अन्य कंपनियों के नेटवर्क की भी सेवाएं लें।

‘राहत राशि बांटने में विलंब नहीं किया जाए’

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास ने सभी जिलों को निर्देश दिए कि आपदा प्रभावितों को राहत राशि वितरित करने में किसी प्रकार का विलंब नहीं होना चाहिए। उन्होंने 15 जून से लेकर अब तक कितनी राहत राशि बंट चुकी है और कितने मामले लंबित हैं, इसकी रिपोर्ट पेश करने के निर्देश दिए। कहा, जिन लोगों को अभी तक राहत राशि नहीं बांटी गई है, उन तक हर हाल में जल्द राशि पहुंचाई जाए।

ये रहे मौजूद

यूएसडीएमए के संयुक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी मोहम्मद ओबैदुल्लाह अंसारी, ड्यूटी ऑफिसर आलोक कुमार सिंह, एसईओसी के दिवस प्रभारी रोहित कुमार आदि।

Loading

About The Author


Spread the love