नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी को प्रभारी रावल के रूप में नियुक्त करने का आदेश, 13 जुलाई से शुरू होंगे धार्मिक अनुष्ठान
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बदरीनाथ धाम के मुख्य पुजारी रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी की स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के आवेदन को स्वीकृति प्रदान करने का शुक्रवार को आदेश जारी कर दिया। अब नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी भगवान बदरी विशाल की पूजा-पाठ का जिम्मा संभालेंगे।
निवर्तमान रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने स्वास्थ्य कारणों से स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति के लिए आवेदन किया था। औपचारिकता पूर्ण करने के लिए अग्रिम आदेशों तक बीकेटीसी ने नायब रावल को प्रभारी रावल के रूप में कार्यभार सौंपा है। नायब रावल को प्रभारी रावल के रूप में पूजा-अर्चना का कार्यभार सौंपने के लिए धार्मिक परंपराओं और मान्यताओं के अनुरूप 13 और 14 जुलाई को दो दिन तक कई अनुष्ठान होंगे।
इन धार्मिक अनुष्ठानों के पूर्ण होने पर 14 जुलाई से बतौर प्रभारी रावल अमरनाथ नंबूदरी भगवान बदरी विशाल की पूजा-अर्चना करेंगे। शुक्रवार को बीकेटीसी के मुख्य कार्याधिकारी योगेंद्र सिंह ने अध्यक्ष अजेंद्र अजय की स्वीकृति के बाद रावल ईश्वरा प्रसाद नंबूदरी को स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति और नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी को प्रभारी रावल के रूप में कार्यभार ग्रहण करने के संबंध में आदेश जारी कर दिए हैं।
धर्माधिकारी राधाकृष्ण थपलियाल ने बताया, नायब रावल अमरनाथ नंबूदरी को पूजा-अर्चना का दायित्व देने से पहले कई धार्मिक रस्मों को किया जाएगा। 13 जुलाई को नायब रावल के मुंडन के बाद हवन व शुद्धिकरण के साथ नायब रावल का तिलपात्र किया जाएगा। 14 जुलाई को नायब रावल बदरीनाथ स्थित पंच धाराओं के जल से स्नान, पंच शिलाओं नारद शिला, नरसिंह शिला, वराह शिला, गरूड़ शिला व मार्कंण्डेय शिला का दर्शन करेंगे।
इसके बाद निवर्तमान रावल से मंत्र, आशीर्वाद लेकर नए रावल के रूप में बाल भोग के बाद मंदिर के गर्भगृह में रावल से छड़ी प्राप्तकर पहली बार बदरीनाथ मंदिर में प्रवेश करेंगे। बदरीनाथ धाम के प्रभारी अधिकारी/मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान ने बताया, निवर्तमान रावल ईश्वर प्रसाद नंबूदरी का विदाई सम्मान समारोह भी 14 जुलाई को संपन्न होगा, जिसमें मंदिर समिति के पदाधिकारी, अधिकारी-कर्मचारी एवं तीर्थ पुरोहित सेवानिवृत्त रावल को विदाई देंगे।
उधर, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ ने बताया, नायब रावल के रिक्त हो रहे पद पर नई नियुक्ति के लिए भी मंदिर समिति द्वारा तेजी से कार्रवाई की जा रही है। नायब रावल के पद पर नियुक्ति के लिए बीकेटीसी द्वारा केरल के दो प्रमुख समाचार पत्रों में विज्ञप्ति प्रकाशित की। आवेदन पत्रों के लिए 11 जुलाई अंतिम तिथि रखी गई थी। मिले आवेदन पत्रों की शीघ्र ही स्क्रीनिंग कर मंदिर समिति द्वारा योग्य उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया जाएगा।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश