प्रधानमंत्री मोदी की ऋषिकेश रैली को ऐतिहासिक, अभूतपूर्व बनाने के लिए जनता का जताया आभार
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। भाजपा ने कांग्रेस की स्टार प्रचारक प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा निशाना साधते हुए कहा, मोहब्बत की दुकान चलाने का दावा करने वालों को सनातन संस्कृति और मातृ शक्ति से इतनी नफरत क्यों है।
रिस्पना पुल स्थित प्रदेश मीडिया सेंटर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए प्रदेश चुनाव प्रबंध समिति के संयोजक और राज्यसभा सांसद नरेश बंसल ने कहा, कांग्रेस ने क्यों राज्य में एक भी महिला को उम्मीदवारी के योग्य नहीं माना, क्यों महिला अपमान पर अपनी पार्टी में प्रियंका गांधी वाड्रा क्यों नहीं लड़ती हैं। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दोनों सभाएं पांचों उम्मीदवारों के पांच लाख से अधिक मतों से जीत की गारंटी हैं।
बंसल ने कहा, जिस तरह युवाओं, मातृशक्ति, पूर्व सैनिक, सर्व समाज समेत देवभूमि के सभी वर्गों ने लाखों की संख्या में पहुंचकर अपना आशीर्वाद मोदी को दिया उसके लिए सभी का पार्टी आभार व्यक्त करती है। कहा, ऋषिकेश के आईडीपीएल मैदान में जिस तरह का सैलाब उमड़ा, वह दर्शाता है कि लोकतंत्र के महापर्व में देवभूमि भाजपामय हो गई है। इससे पहले रुद्रपुर की रैली के बाद से समूचे मानसखंड और तराई के मैदानों में विकसित भारत निर्माण के पक्ष में लहर बह रही है।
कहा, यूं तो प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार ने जिस तरह ऐतिहासिक एवं युग परिवर्तनकारी कार्य किए हैं, उससे देवभूमि की जनता ने मोदीजी को आशीर्वाद देने का मन पहले से ही बनाया हुआ था, लेकिन मोदी के प्रेरणाप्रद एवं ओजस्वी भाषण के बाद सभी सीटें 75 फीसदी से अधिक मतों से जीतना भी अब निश्चित हो गया है।
कहा, आज पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता के सामने लक्ष्य स्पष्ट है, जीतोड़ मेहनत से प्रदेश के सभी पोलिंग स्टेशनों पर कमल खिलाना और मोदी को प्रचंड बहुमत के साथ तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कांग्रेस पर लगातार भ्रम, झूठ एवं अफवाह फैलाने की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कटाक्ष किया, आज जिस तरह अनर्गल, बेबुनियाद आरोपों पर कांग्रेस उतर आई है वो स्पष्ट करता है कि हार पहले से ही स्वीकार कर ली है। प्रियंका वाड्रा के दौरे को लेकर तंज कसते हुए कहा, चलो उनके किसी पहले बड़े नेता ने तो उत्तराखंड में जनता के सामने आने का साहस किया है।
कहा, अब चूंकि प्रियंका वाड्रा भी महिला हैं, लिहाजा चंद सवालों का जवाब तो उन्हें देना ही चाहिए। पहला, मोहब्बत की दुकान चलाने का दावा करने वालों को सनातन संस्कृति से इतनी नफरत क्यों है? उनके नेता और सहयोगी पार्टियां, सनातन धर्म के नाश की बात तो करते ही थे, अब उनके भाई सनातनियों की आराध्य शक्ति को भी नष्ट करने की बात का दुस्साहस करते हैं। क्यों वे मां धारी देवी, मां चंद्रबनी, मां जालपा देवी, मां सरकुंडा देवी, मां मनसा देवी, मां चंडी देवी जैसी आदि मां शक्तियों से नफरत करते हैं।
प्रियंका गांधी वाड्रा से मुखातिब होते हुए कहा, आपकी एक बड़ी नेत्री महिला उम्मीदवार पर अभद्र पोस्ट करती है और आपकी पार्टी कार्यवाही करने के बजाय इनाम देते हुए पार्टी का न्याय पत्र जारी करने के लिए उत्तराखंड भेज देती है। कहा, हमारा सवाल है कि लड़की हूं लड़ सकती हूं का नारा देने वाली आप कैसी लड़की हैं जो महिलाओं के साथ अत्याचार एवं अपमान पर अपनी ही पार्टी में नहीं लड़ सकती हैं।
उन्होंने रिपोर्ट कार्ड को लेकर कांग्रेस के सवालों का जवाब देते हुए कहा, हम एकमात्र पार्टी हैं जो प्रत्येक वर्ष अपनी सरकार के कामकाज का लेखा-जोखा प्रस्तुत करते हैं और यह परंपरा विगत 10 वर्षों से निरंतर जारी है। इस मौके पर प्रदेश प्रवक्ता सुरेश जोशी, सह मीडिया प्रभारी राजेंद्र नेगी, प्रदेश प्रवक्ता सुनीता विद्यार्थी, कमलेश रमन, संपर्क प्रमुख राजीव तलवार आदि मौजूद रहे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश