सुजाता सौनिक महाराष्ट्र की पहली मुख्य सचिव हैं, सुजाता के पति भी महाराष्ट्र के मुख्य सचिव रह चुके हैं
बेबाक दुनिया डेस्क
लखनऊ/नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव के रूप में 1988 बैच के आईएएस मनोज कुमार सिंह ने रविवार को कार्यभार संभाल लिया। उधर, वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक महाराष्ट्र की पहली महिला मुख्य सचिव बनीं। उन्होंने भी अपना कार्यभार रविवार को संभाला।
उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव बनाए गए मनोज कुमार सिंह इससे पूर्व कृषि उत्पादन आयुक्त और अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त समेत कई विभागों का दायित्व संभाल रहे थे। पिछले करीब ढाई साल से तीन बार सेवा विस्तार पाने वाले निवर्तमान मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्रा को चौथी बार सेवा विस्तार नहीं मिल सका, जिसकी वजह से प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने वरिष्ठ आईएएस मनोज कुमार सिंह के प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाने के नाम पर मुहर लगाई। सिंह ने 30 जून को कार्यभार भी संभाल लिया।
नए मुख्य सचिव मनोज कुमार सिंह ललितपुर, गौतमबुद्ध नगर, पीलीभीत और मुरादाबाद के जिलाधिकारी भी रह चुके हैं। इसके अलावा ग्राम विकास आयुक्त, मुरादाबाद के मंडलायुक्त और केंद्र में वन एवं पर्यावरण मंत्रालय में संयुक्त सचिव भी रह चुके हैं। इन्होंने कोविडकाल के दौरान गांवों को सुरक्षित रखने में भी अहम भूमिका निभाई थी।
उधर, महाराष्ट्र सरकार ने 1987 बैच की वरिष्ठ आईएएस अधिकारी सुजाता सौनिक को प्रदेश का नया मुख्य सचिव बनाया है। सुजाता ने रविवार को अपना कार्यभार भी संभाल लिया। निवर्तमान मुख्य सचिव नितिन करीर की जगह सुजाता को महाराष्ट्र का नया मुख्य सचिव बनाया गया है। गौरतलब हो कि सुजाता के पति मनोज सौनिक भी महाराष्ट्र के मुख्य सचिव रह चुके हैं। सुजाता सौनिक का कार्यकाल वर्ष 2025 जनवरी में समाप्त होगा।
More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश