बाबा केदार के रविवार को 4,588 और यमुनोत्री धाम के 4,300 तीर्थयात्रियों ने किए दर्शन
जौलीग्रांट से रविवार को पहले दिन हेली सेवा के हेलिकॉप्टर ने 40 तीर्थयात्रियों को दो धाम पहुंचाया
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। जौलीग्रांट हेलीपैड से जहां हेली सेवा कंपनी ने एमआई-17 हेलिकॉप्टर से दो धामों के लिए रविवार को पहले दिन हेली सेवा की शुरुआत करते हुए 40 यात्रियों को धाम पहुंचाया।





वहीं, मानसून के बाद शुरू हुई चारधाम यात्रा में रविवार को बाबा केदार के दरबार में 4,588 यात्रियों ने हाजिरी लगाई। बरसात के बाद यह पहला मौका है जब एक दिन में इतने श्रद्धालुओं ने बाबा केदार के दर्शन किए हैं। उधर, यमुनोत्री धाम में भी मानसून के बाद पुनः शुरू हुई यात्रा के दौरान रविवार को 4,300 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन किए।
जौलीग्रांट हेलीपैड पर रुद्राक्ष एविएशन के एमआई 17 हेलिकॉप्टर ने रविवार को 40 यात्रियों को लेकर दो धामों बदरी और केदार के लिए उड़ान भरी। एयरपोर्ट पर तकरीबन चार दिन बाद मौसम साफ रहा और सुबह से धूप खिली हुई थी। बरसात के बाद धामों के लिए शुरू की गई हेलिकॉप्टर सेवा में जौलीग्रांट से कुल 40 श्रद्धालु दो धामों के लिए रवाना हुए।
मौसम साफ रहने पर जौलीग्रांट से हेलिकॉप्टर ने दो फेरे लगाए। वहीं, रविवार को बाबा केदार के दरबार में हेलिकॉप्टर से 1,157 यात्री धाम पहुंचे, जिसमें दर्शन कर एक हजार से अधिक वापस आए। इस दौरान नौ हेलिकॉप्टर ने 214 शटल की। रविवार को यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी में मौसम सामान्य रहा।
यमुनोत्री हाईवे के साथ ही जानकीचट्टी यमुनोत्री पैदल मार्ग पर सामान्य रूप से आवाजाही होती रही। हल्के-फुल्के बादलों संग जानकीचट्टी करीब छह किमी हिस्से पर श्रद्धालुओं से भरा रहा। पुजारी मनमोहन उनियाल और मंदिर समिति के सुरेश नौटियाल के मुताबिक, यमुनोत्री धाम में रविवार को सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश