February 1, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मुंबई से आ रही दो फ्लाइट दिल्ली डायवर्ट

Spread the love

आसमान के कई चक्कर लगाने के बाद विस्तारा, इंडिगो की फ्लाइट हुई डायवर्ट
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। शुक्रवार को भी राजधानी का मौसम काफी खराब रहा, जिसके चलते देहरादून एयरपोर्ट पर उड़ाने बुरी तरह से प्रभावित हुईं।
शुक्रवार को मुंबई से आने वाली इंडिगो और विस्तारा की दोनों फ्लाइट खराब मौसम के कारण एयरपोर्ट पर लैंड नहीं कर सकी और दोनों को दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया गया। दोनों फ्लाइट के दिल्ली डायवर्ट होने से इन दोनों फ्लाइटों से देहरादून से मुंबई जाने वाले यात्री एयरपोर्ट पर ही इंतजार करते रहे।
वहीं, दोनों फ्लाइटों से मुंबई से आने वाले यात्रियों को भी देहरादून की जगह दिल्ली में लैंड कराया गया। देहरादून एयरपोर्ट में सुबह से ही मौसम काफी खराब है। सुबह 7:42 पर मुंबई से इंडिगो की फ्लाइट देहरादून के आसमान में पहुंची।
पायलट ने फ्लाइट को उतारने के लिए लैंडिंग गियर भी डाउन कर दिया था, लेकिन खराब मौसम से यह फ्लाइट नहीं उतर पाई और एयरपोर्ट के आसमान से वापस लौट गई। इसके कुछ देर बाद मुंबई से विमानन कंपनी विस्तारा की फ्लाइट भी सुबह 8:09 पर एयरपोर्ट पहुंची।
इस फ्लाइट ने भी लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन यह फ्लाइट भी एयरपोर्ट के काफी करीब से वापस लौट गई। दिल्ली डायवर्ट होने से पहले दोनों फ्लाइट ने रामगढ़ रेंज और बुग्गावाला के आसमान में भी कई चक्कर काटे।
इसके बाद विस्तारा के पायलट ने दून के एयरपोर्ट पर सुबह 8:28 पर दोबारा लैंडिंग का प्रयास किया, लेकिन पायलट खराब मौसम के कारण फ्लाइट को लैंड नहीं करा पाए, जिससे इन दोनों फ्लाइट को दिल्ली के लिए डायवर्ट कर दिया।
बताया जाता है कि दोनों फ्लाइट सुबह नौ बजे के आसपास दिल्ली एयरपोर्ट पर लैंड हो गई। इससे पहले एयरपोर्ट पर सुबह साढ़े सात बजे इंडिगो की अहमदाबाद और दिल्ली की फ्लाइट लैंड हुई और देहरादून से हवाई यात्रियों को लेकर वापस रवाना हुई।

Loading

About The Author


Spread the love