February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मुख्यमंत्री ने 67 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र बांटे

Spread the love

सहायक लेखाकार के पद पर चयनित हुए हैं सभी अभ्यर्थी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को सीएम आवास में आयोजित समारोह में लोक सेवा आयोग से कृषि विभाग में सहायक लेखाकार के पद पर चयनित 67 अभ्यर्थियों को नियुक्तिपत्र प्रदान किए।

धामी ने सभी नवनियुक्त कार्मिकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, अब वे उत्तराखंड शासन, प्रशासन का हिस्सा बनने जा रहे हैं। सच्ची लगन और मेहनत से अपने कार्य को निपुणता से करेंगे, इसकी अपेक्षा है। कहा, प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध हों, हमारा यह प्रयास धीरे-धीरे धरातल पर उतरने लगा है। उम्मीद जताई कि भविष्य में अधिक से अधिक युवाओं को प्रदेश में ही रोजगार के और अधिक अवसर मिलेंगे।

कहा, आप सभी सौभाग्यशाली हैं कि आपको एक ऐसे प्रदेश में सेवा का अवसर ईश्वर ने प्रदान किया है, जिसमें आपकी एवं राज्य की प्रगति की असीम संभावनाएं हैं। जो भी कार्य करें, उसे पूर्ण ईमानदारी और लगन से करें तथा पूरी कोशिश करें कि जो काम आज होना है, उसे आज ही संपन्न करें और प्रदेश को श्रेष्ठ और नंबर एक राज्य बनाने में अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करें।

कहा, प्रदेश के हजारों युवाओं में से आपको यह अवसर विशिष्ट कार्य के लिए प्रदान किया गया है। आप अनुशासित होकर ईमानदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करेंगे। कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में नई कार्यसंस्कृति विकसित हुई है। हमारी सरकार प्रदेश के हर वर्ग के लिए पूर्ण रूप से प्रतिबद्ध होकर निरंतर कार्य कर रही और करती रहेगी। अपेक्षा की कि आप सभी प्रदेश को सर्वश्रेष्ठ राज्य बनाने के हमारे विकल्प रहित संकल्प की सिद्धि में भी इसी प्रकार अपना सहयोग देते रहेंगे।

इस मौके पर कृषि मंत्री गणेश जोशी ने भी नियुक्तिपत्र प्राप्त करने वाले युवाओं को बधाई दी। इस मौके पर महानिदेशक कृषि डॉ. रणजीत सिंह चौहान, निदेशक कृषि एवं कृषि कल्याण केपी पाठक, संयुक्त निदेशक कृषि दिनेश कुमार, उप निदेशक कृषि, नवीन कांडपाल, पीएम बिष्ट आदि मौजूद थे।

Loading

About The Author


Spread the love