February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

मौसम का फिर यू-टर्न, भारी बर्फबारी, बारिश और पड़े ओले

Spread the love

गढ़वाल मंडल में शनिवार तड़के से ही मौसम होने लगा था खराब, चमोली में भारी बर्फबारी संग बर्फीला तूफान

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। शनिवार तड़के चार बजे के बाद से उत्तराखंड के गढ़वाल मंडल के कई जिलों में मौसम अचानक खराब होने लगा और सूरज निकलता इससे पूर्व ही बारिश संग ओलों की बौछार हुई, वहीं चमोली जिले के ऊंचाई वाले इलाकों में भारी बर्फबारी के साथ तेज हवा संग बर्फीला तूफान भी चला।

राजधानी देहरादून में शनिवार को झमाझम बारिश संग काफी देर तक ओले गिरने से कुछ देर के लिए मौसम में ठंड लौट आई। यहां बारिश कई राउंड में हुई। दोपहर दो बजे के बाद भी हल्की बूंदाबांदी हुई। उधर, देहरादून जिले के कई इलाकों में बारिश और ओले गिरे। पहाड़ों की रानी मसूरी, कैम्पटी और धनोल्टी में भी बारिश होने के साथ हल्की ठंडी हवा भी चली।

उधर, सीमांत जनपद चमोली के नीती घाटी के दूरस्थ गांव द्रोणागिरी में भारी बर्फबारी हुई, वहीं बर्फीला तूफान चलने से कई घरों को भारी नुकसान भी पहुंचा है। विकास खंड जोशीमठ के सबसे दूरस्थ गांव द्रोणागिरी में कई मकानों के छते बर्फीली हवा से उड़ गई। शुक्रवार शाम से भी यहां पर लगातार बर्फबारी हो रही है।

इन दिनों क्षेत्र के लोग शीतकालीन प्रवास में मैदानी भागों में निवास करते हैं। पिछले तीन चार दिन से लगातार खराब मौसम के कारण गांव वाले अपने मूल गांव के घरों का जायजा लेने गए तो वहां पर देखा कि कई घरों की छत बर्फीली हवाओं से उड़ी हुई हैं।

साथ ही द्रोणागिरी पहुंचने का एकलौता पैदल मार्ग भी कई जगह पर अत्यधिक बर्फबारी से क्षतिग्रस्त हो रखा है। उधर, उत्तरकाशी में शुक्रवार की रात पहले आंधी-तूफान आया फिर शनिवार तड़के से बारिश का दौर शुरू हो गया। बारिश के चलते गर्मी से जहां राहत मिलने की उम्मीद, वहीं मुखेम रेंज के जंगलों में लगी आग पर भी कुछ हद तक काबू पाया जा सकता है।

उधर, शुक्रवार/शनिवार की रात से ही यमुनोत्री धाम सहित यमुना घाटी के खरशालीगांव, जानकीचट्टी, नारायण पुरी और फूलचट्टी आदि क्षेत्र में झमाझम बारिश हुई। उधर, रुद्रप्रयाग जिले के कर्णप्रयाग में भी बारिश हुई। यहां पर शुक्रवार रात से ही मौसम ने करवट लेनी शुरू कर दिया था।

Loading

About The Author


Spread the love