21 राज्यों की 102 लोकसभा सीटों के लिए 19 अप्रैल को हुए मतदान में बंपर वोटिंग
1625 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद, सुबह सात से शाम छह बजे तक मतदान
उत्तराखंड में दो दर्जन से ज्यादा दूल्हा-दुल्हन ने विदा होने के पहले अपने मताधिकार का किया प्रयोग
बेबाक दुनिया ब्यूरो
नई दिल्ली/देहरादून/लखनऊ। लोकतंत्र के महापर्व और 18वीं लोकसभा के सदस्यों को चुनने के लिए शुक्रवार 19 अप्रैल को प्रथम चरण के मतदान की शुरुआत बंपर ततीके से हुई। 21 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों की 102 लोस सीटों पर 68.29 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर 1625 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में कैद कर दिया।
2019 के लोकसभा चुनाव में प्रथम चरण के मतदान में 69.43 फीसदी वोट पड़े थे। प्रथम चरण की वोटिंग शुक्रवार को सुबह सात बजे से देर शाम छह बजे तक चली। इस दौरान मतदान केंद्र के अंदर मतदान का समय समाप्त होने के दौरान मौजूद मतदाताओं का वोट देर रात तक पड़ता रहा, जिससे मतदान प्रतिशत में बढ़ोतरी की संभावना भी जताई जा रही है। पहले चरण में नौ केंद्रीय मंत्री, दो पूर्व मुख्यमंत्री और एक पूर्व राज्यपाल का भाग्य भी अन्य प्रत्याशियों की तरह ईवीएम मशीन में कैद हो गया।




लोकसभा चुनाव के साथ शुक्रवार को अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम की 92 विधानसभा सीटों पर भी मतदान हुआ। उधर, उत्तर प्रदेश की आठ सीटों पर हुए मतदान में 61 फीसदी मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उधर, अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में विधानसभा चुनाव के लिए भी शुक्रवार को वोट डाले गए। अरुणाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव में 76.44 फीसदी और सिक्किम में 79.86 फीसदी मतदान हुआ। उधर, उत्तराखंड में दो दर्जन से ज्यादा दूल्हा-दुल्हनों ने भी विदा विदाई के पहले अपने-अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र के महापर्व में अपनी सहभागिता निभाई।
यहां हुआ प्रथम चरण का मतदान
पहले चरण में उत्तराखंड की सभी पांच और तमिलनाडु की सभी 39 लोकसभा सीटों, जबकि राजस्थान की 12 और उत्तर प्रदेश में आठ सीटों पर मतदान हुआ। वहीं मध्य प्रदेश की छह, बिहार की चार, पश्चिम बंगाल की तीन, असम और महाराष्ट्र की पांच-पांच, मणिपुर की दो, त्रिपुरा, जम्मू-कश्मीर, छत्तीसगढ़ की एक-एक सीट पर मतदान हुआ।
मतदान के लिए 1.87 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए थे
पहले चरण में 16.63 करोड़ से ज्यादा वोटर्स थे, जिनमें 8.4 करोड़ पुरुष और 8.23 करोड़ महिला मतदाता। इनमें से 35.67 लाख मतदाता ऐसे थे, जो पहली बार मतदान किया। प्रथम चरण के मतदान के लिए 1.87 लाख पोलिंग बूथ बनाए गए थे। लोकसभा की 543 सीटों के लिए सात चरणों में वोट डाले जाएंगे और नतीजे चार जून को आएंगे।
शाम सात बजे के बाद तक कहां, कितना मतदान
अंडमान निकोबार- 56.87%
अरुणाचल प्रदेश- 65.46%
असम-72.10%
बिहार-48.88%
छत्तीसगढ़- 63.41%
जम्मू-कश्मीर- 65.08%
लक्षद्वीप-83.88%
मध्य प्रदेश- 63.33%
महाराष्ट्र- 55.29%
मणिपुर- 72.17%
मेघालय- 74.21%
मिजोरम- 54.18%
नगालैंड- 56.77 %
पुडुचेरी- 73.50%
राजस्थान- 50.95%
सिक्किम- 68.06%
तमिलनाडु- 62.19%
त्रिपुरा-80.17%
उत्तर प्रदेश- 61%
उत्तराखंड-55.89%
पश्चिम बंगाल-80.55%
इन प्रमुख हस्तियों ने महापर्व में डाली आहुति
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनि), जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी, बाबा रामदेव, फिल्म अभिनेत्री उर्वशी रौतेला, कांग्रेस नेता पी चिदंबरम, उनके बेटे और शिवगंगा से कांग्रेस के उम्मीदवार कार्ति चिदंबरम, दिग्गज फिल्म अभिनेता रजनीकांत, राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत, तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन आदि।
जनता एनडीए को दे रही वोट : मोदी
“मतदान की बेहतरीन प्रतिक्रिया मिल रही है। इससे साफ है कि पूरे भारत में लोग रिकॉर्ड संख्या में राजग को वोट दे रहे हैं। प्रथम चरण के महापर्व में सहभागिता निभाने और मतदान करने वाले सभी लोगों को धन्यवाद।” -नरेंद्र मोदी, प्रधानमंत्री
थाईलैंड से आकर लोकतंत्र के महापर्व में डाली आहुति
ऋषिकेश (देहरादून)। गढ़वाल लोकसभा सीट पर नगर पंचायत स्वर्गाश्रम चौक क्षेत्र के रहने वाले योग शिक्षक शुभम चौहान लोकतंत्र के इस महापर्व में आहुति डालने के लिए सात समंदर पार थाईलैंड से भारत आए और उत्तराखंड में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। लक्ष्मण झूला में मतदान के लिए पहुंचे शुभम चार वर्षों से थाईलैंड में योग शिक्षक हैं। बताया, समय निकालकर मात्र मतदान करने के लिए ही भारत आए हैं और 21 अप्रैल को थाईलैंड चले जाएंगे।








More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश