February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

विधिविधान के साथ बदरीनाथ धाम के खुले कपाट

Spread the love

हजारों श्रद्धालु बने कपाट खुलने के अवसर के साक्षी, बदरीविशाल के जयकारों से गूंज उठा धाम

पहले दिन विशेष पूजा की गई, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने श्रद्धालुओं को दी शुभकामनाएं

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। विश्व प्रसिद्ध भगवान बदरीनाथ मंदिर के कपाट 12 मई रविवार को शुभ मुहूर्त पर सुबह छह बजे पूरे विधिविधान एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ सेना के बैंड की मधुर ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए।

हजारों भक्त इस पावन पल के साक्षी भी बने। धाम के कपाट खुलने के बाद अब चार धाम यात्रा का विधिवत आगाज भी हो गया। बदरीनाथ धाम के कपाट खुलने के मौके पर पहले दिन विशेष पूजा अर्चना की गई। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कपाट खुलने पर समस्त श्रद्धालुओं को बधाई दी। बदरीनाथ धाम में ब्रह्म बेला पर रविवार को सुबह चार बजे से कपाट खुलने की प्रक्रिया शुरू हुई। हल्की बारिश के बीच सेना के बैंड एवं ढोल नगाड़ों की मधुर धुन और स्थानीय महिलाओं के पारंपरिक संगीत और नृत्य संग भगवान बदरीविशाल की स्तुति ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ कुबेरजी, उद्धवजी एवं गाडू घड़ा दक्षिण द्वार से मंदिर परिसर में लाया गया। इसके बाद मंदिर के मुख्य पुजारी समेत धर्माधिकारी, हकहकूकधारी एवं श्री बदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों द्वारा प्रशासन एवं हजारों श्रद्धालुओं की मौजूदगी में विधिविधान के साथ मंदिर के कपाट खोले गए। मुख्य पुजारी वीसी ईश्वर प्रसाद नंबूदरी ने गर्भगृह में भगवान बदरीनाथ की विशेष पूजा-अर्चना करते हुए सबके लिए मंगलमय की कामना की।

इसके साथ ग्रीष्मकाल के लिए बदरीनाथ के दर्शन शुरू हो गए हैं। पहले दिन ही हजारों श्रद्धालुओं ने बदरीनाथ में अखंड ज्योति एवं भगवान बदरीनाथ के दर्शनों का पुण्य अर्जित किया। कपाटोद्घाटन के अवसर पर बदरीनाथ मंदिर को 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया था। कपाट खुलने के एक दिन पूर्व से ही बदरीनाथ धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। ज्ञात हो कि, गंगोत्री, यमुनोत्री और केदारनाथ धाम के कपाट पहले ही 10 मई को अक्षय तृतीया के दिन खुल गए थे, जबकि 12 मई को बदरीनाथ धाम के कपाट खुले। इसके साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का पूरी तरह से आगाज हो गया है।

ये रहे मौजूद

श्रीबदरीनाथ केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष अजेंद्र अजय, जिलाधिकारी हिमांशु खुराना, पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार, सीडीओ अभिनव शाह, बीकेटीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी योगेंद्र सिंह, उपाध्यक्ष किशोर पंवार, धर्माधिकारी राधा कृष्ण थपलियाल, एसडीएम चंद्रशेखर बशिष्ठ, ईओ सुनील पुरोहित समेत मंदिर समिति के अन्य पदाधिकारी, सदस्य, हक हकूकधारी और श्रद्धालु मौजूद थे।

इन तीर्थ स्थलों पर भी जुटने लगे श्रद्धालु

बदरीनाथ मंदिर के कपाट खुलने के साथ ही आसपास तप्तकुण्ड, नारद कुण्ड, शेषनेत्र झील, नीलकंठ शिखर, उर्वशी मन्दिर, ब्रह्म कपाल, माता मूर्ति मंदिर, देश के प्रथम गांव माणा, भीमपुल, वसुधारा जलप्रपात एवं अन्य ऐतिहासिक और दार्शनिक स्थलों पर भी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों की भीड़ जुटने लगी है।

Loading

About The Author


Spread the love