5013.05 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन से पास होने के बाद विधानसभा सत्र अनिश्चितकाल के लिए स्थगित
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। गैरसैंण में विधानसभा के मानसून सत्र के तीसरे और अंतिम दिन 5013.05 करोड़ का अनुपूरक बजट पारित हो गया। इसके साथ ही विधान सभा सत्र भी अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया।










उधर, विधान सभा सत्र के आखिरी दिन कांग्रेस के विधायकों ने प्रदेश में आई आपदा से प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर विस के बाहर धरना प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। वहीं, सदन में आपदा के मुद्दे पर नियम 310 के तहत काम रोको प्रस्ताव निरस्त करने के विरोध में कांग्रेस के विधायकों ने वेल में आकर नारेबाजी कर सदन की कार्यवाही का बहिर्गमन किया।
ज्ञात हो कि तीन दिवसीय मानसून सत्र के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने 5013.05 करोड़ का अनुपूरक बजट सदन के पटल पर शाम पांच बजे रखा था। 5013.05 करोड़ रुपये के अनुपूरक बजट में 3756.89 करोड़ रुपये का राजस्व और 1256.16 करोड़ का पूंजीगत व्यय है। केंद्र पोषित योजनाओं के अंतर्गत 1531.65 करोड़ रुपये और बाह्य सहायतित योजनाओं के अंतर्गत 273.17 करोड़ का प्रावधान अनुपूरक बजट में किया गया है।
फरवरी 2024 में सरकार ने 89,230 करोड़ रुपये का आम बजट पारित किया था। अनुपूरक बजट में आपदा प्रबंधन के तहत एसडीआरएफ के लिए 718.40 करोड़ का बजट प्रदान किया गया। समग्र शिक्षा के लिए 697 करोड़ और वाईब्रेंट विलेज योजना के लिए 130 करोड़ की व्यवस्था अनुपूरक बजट में की गई है। उत्तराखंड अटल आयुष्मान योजना के लिए 100 करोड़ और आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण के लिए 20 करोड़ की राशि की व्यवस्था गई है।
वहीं 38वें राष्ट्रीय खेलों के आयोजन के लिए भी 10 करोड़ रुपये की व्यवस्था की गई है। अनुपूरक बजट में शहरी विकास और आवास विकास विभाग के 406.61 करोड़ का बजट प्रस्तावित किया गया है जिसमें शहरों में अब स्थापना विकास के लिए एक 192 करोड़, यूनिटी माल और प्लाजा निर्माण के लिए 69 करोड़, ईडब्ल्यूएस आवास निर्माण में अनुदान के लिए 97.76 करोड़ प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत उधम सिंह नगर जिले में वन टाइम लोन के लिए 36 करोड़ और नगर पंचायत चुनाव के लिए सात करोड़ रुपये की राशि का प्रावधान किया गया है।
उधर, सदन में अनुपूरक बजट पारित करने के साथ ही आठ विधेयक भी पारित किए गए। वहीं, प्रदेश में आई आपदा से प्रभावितों को उचित मुआवजा देने की मांग को लेकर विधानसभा के बाहर कांग्रेस के विधायकों ने धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन करने वाले कांग्रेस विधायकों में हरीश धामी, ममता राकेश, तिलकराज बेहड़, आदेश चौहान और अनुपमा रावत आदि मौजूद थे।
सत्र के आखिरी दिन सीएम ने कर्मियों से की मुलाकात
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को विधानसभा के सत्र के अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बाद सत्र के संचालन में लगे कर्मियों और अधिकारियों से मुलाकात कर जहां सफल सत्र संचालन के लिए सभी को बधाई दी, वहीं सभी की कुशलक्षेम भी पूछी।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश