February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सशक्त नारी सम्मान समारोह में कई महिलाएं सम्मानित

Spread the love

मुख्यमंत्री ने कहा, ऐसे कार्यक्रम और अभियान लैंगिक समानता हासिल करने में निभाते महत्वपूर्ण भूमिका

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड राज्य महिला आयोग के सशक्त नारी सम्मान समारोह को वर्चुअल संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा, ऐसे कार्यक्रम और अभियान समाज के सभी पहलुओं पर विविधता और सशक्तिकरण के महत्व पर जोर देते हुए लैंगिक समानता हासिल करने में समावेशन की महत्वपूर्ण भूमिका को भी रेखांकित करते हैं।

कहा, इसी दृष्टिकोण से आज का यह कार्यक्रम उन 13 उत्कृष्ट महिलाओं को समर्पित करते हैं, जिन्होंने अलग-अलग क्षेत्र में अपनी प्रतिबद्धता से मिसाल कायम कर समाज में प्रगति और समानता का मार्ग प्रशस्त किया और अपनी एक अलग पहचान बनाई है। कहा, खुशी है कि यह कदम महिलाओं को आर्थिक स्वतंत्रता प्रदान करने में सहायक होगा और समाज में महिलाओं की भूमिका को भी मजबूती प्रदान करेगा।

इसके पूर्व कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, राज्यमंत्री मधु भट्ट, राज्यमंत्री विनोद उनियाल, आशा नौटियाल, नेहा जोशी ने दीप जलाकर किया। इस मौके पर कैबिनेट मंत्री उनियाल ने कहा, आठ मार्च के दिन मेरी मां का निधन हुआ था और कुछ सालों बाद आठ मार्च के दिन ही घर में बेटी पैदा हुई। यह दिन पूरे परिवार का दिन रहा है। कहा, महिलाएं पहाड़ की रीढ़ हैं, आज महिलाएं खेती करना छोड़ दें तो उत्तराखंड में खेती का अस्तित्व ही खत्म हो जाएगा।

कहा, महिलाओं के अंदर काम करने की जो विधा है, वह पुरुष में नहीं है। कहा, जो हिम्मत करता है, उसे ही जीत मिलती है। आज हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में महिलाएं सशक्त हो रही हैं, साथ ही हमारी सरकारें महिलाओं के लिए अत्यंत संवेदनशील हैं। हमारी सरकार महिलाओं को हर प्रकार से सशक्त कर रही है। महिलाएं आज अपने दमखम देश दुनिया को दिखा रही है। इस मौके पर उनियाल ने बेटियों व महिला सुरक्षा के साथ हिंसा के विरुद्ध आवाज उठाने के लिए शपथ भी दिलाई।

आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल ने कहा, आज आयोग घरेलू हिंसा के केसों का समाधान करने के अलावा, महिला अधिकारों की रक्षा व जागरूकता हेतु कार्यक्रम कर रहा है, साथ ही कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य कर रहीं महिलाओं को आगे लाकर उन्हें सम्मानित करने का भी काम करता है। इस दौरान राज्य की समस्त मातृशक्ति को अंतरराष्ट्रीय महिला दिसव की शुभकामनाएं दी।

कार्यक्रम में सर्वप्रथम मांगल गीत से अतिथियों का स्वागत व गणेश वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत हुई। इस दौरान संध्या जोशी की टीम द्वारा द्रोपदी नाटक के मंचन की प्रस्तुति दी गई। इस दौरान कई क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य के साथ प्रसिद्धि पाने वाली 13 महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन बीना गिरी द्वारा किया गया।

इन 13 विशिष्ट महिलाओं का सम्मान

प्रो. सुरेखा डंगवाल, कुलपति, दून विवि, प्रोफेसर रेनू प्रकाश, डॉ. रीमा पंत, पी रेणुका, डीआईजी, पुलिस विभाग, डॉ. कंचन नेगी, पत्रकार, कृष्णा रावत डोभाल, साधना शर्मा, रमा गोयल, वसुंधरा नेगी, सृष्टि भारद्वाज, अदिति शर्मा, हेमा परिहार और सुमन चौहान।

इनका भी हुआ सम्मान

महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष राज रावत, सरोजिनी कैंत्यूरा, पूर्व उपाध्यक्ष सायरा बानो, आयोग की पूर्व सचिव सुजाता, आशारानी ध्यानी, रामिन्द्री मंद्रवाल, कामिनी गुप्ता, नेहा सिंह।

ये रहे मौजूद

अर्चना बागड़ी, कविता शाह, माधवी गुप्ता, शांति मेहरा, शिखा कंडवाल, डीपीओ जितेंद्र कुमार, कंचन ठाकुर, स्वाति चमोली, अंजली मलेथा, शानू रावत, रीना समेत कई समूहों की महिलाएं व अन्य लोग उपस्थित रहे।

Loading

About The Author


Spread the love