February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सीएम धामी के जन्मदिन पर बदरी-केदार धाम में विशेष पूजा

Spread the love

परिवार संग सीएम ने राजधानी के टपकेश्वर महादेव मंदिर में टेका मत्था

राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, गृहमंत्री, रक्षा मंत्री, कृषि मंत्री समेत दिग्गजों ने दी बधाई

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन पर सोमवार को जहां राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भारत रत्न और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर समेत कई प्रदेशों के सीएम ने शुभकामनाएं दीं। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर में विशेष पूजा अर्चना की गई

उधर, प्रदेश कई जगहों पर जहां खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं, वहीं कई स्थानों पर रक्तदान शिविर का भी आयोजन किया गया। इस मौके पर राजधानी में मौजूद मुख्यमंत्री धामी ने अपने सरकारी आवास मुख्य सेवक सदन में अपने शुभचिंतकों और मंत्रिमंडल के सहयोगियों के साथ केक काटा। धामी ने दृष्टिबाधित संस्थान पहुंचकर बच्चों के साथ केक काट बच्चों को खिलाया भी।

उधर, कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अपने कैंप कार्यालय पर धामी के जन्मदिन की खुशी में सहयोगियों और कार्यकर्ताओं के साथ केक काटा, वहीं प्रदेश की महिला सशक्तीकरण मंत्री रेखा आर्या ने राजधानी स्थित बालिका निकेतन में पहुंचकर नन्ही बालिकाओं के साथ केक काटा, जबकि कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा समेत अन्य गणमान्य लोगों ने मुख्य सेवक सदन पहुंचकर मुख्यमंत्री धामी को बधाई दी।

धामी के जन्मदिन पर श्रीबदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) द्वारा बदरीनाथ और केदारनाथ मंदिर सहित अधीनस्थ मंदिरों श्रीओंकारेश्वर मंदिर उखीमठ, श्रीनृसिंह मंदिर जोशीमठ, तृतीय केदार तुंगनाथ, सिद्धपीठ कालीमठ में विशेष पूजा और हवन किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री के दीर्घायु और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की गई।

बीकेटीसी अध्यक्ष अजेंद्र अजय ने बताया, बदरीनाथ में रावल, आचार्य और वेदपाठियों द्वारा मुख्यमंत्री के नाम गोत्र से महाभिषेक पूजा और केदारनाथ धाम में षोडशोपचार एवं रुद्राभिषेक पूजा संपन्न हुई। बदरीनाथ धाम में उपाध्यक्ष किशोर पंवार मुख्य कार्याधिकारी विजय प्रसाद थपलियाल पूजा में शामिल हुए।

मुख्यमंत्री धामी अपने जन्म दिवस पर टपकेश्वर महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि की कामना की। कहा, प्रदेश इस समय प्राकृतिक आपदाओं से जूझ रहा है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अनुरोध किया कि इस अवसर पर आपदा पीड़ितों के पास पहुंच कर उनकी हर संभव मदद करें।

मुख्यमंत्री ने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में इस दशक को उत्तराखंड का दशक बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा हर क्षेत्र में तेजी से कार्य किए जा रहे हैं। राज्य की देवतुल्य जनता के सहयोग से प्रदेश को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार कृत संकल्प के साथ कार्य कर रही है।

Loading

About The Author


Spread the love