February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

11 आईएएस और 10 आईपीएस अफसरों के तबादले

Spread the love

तबादलों की जद में आए पांच जिलों के जिलाधिकारी, कई आईपीएस अफसरों को मिली कप्तानी

बेबाक दुनिया ब्यूरो

लखनऊ। उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ की सरकार ने शनिवार की रात जहां 11 आईएएस अफसरों के तबादले कर दिए, वहीं 10 आईपीएस अफसरों को भी इधर से उधर कर दिया। तबादलों की जद में पांच जिलों के डीएम भी आए।

आईएएस अधिकारियों के तबादलों की जद में आए अयोध्या के जिलाधिकारी नीतीश कुमार को दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड आगरा का प्रबंध निदेशक, जबकि सोनभद्र के डीएम चंद्र विजय सिंह को अयोध्या का नया जिला अधिकारी बनाया गया है। औरैया की डीएम नेहा प्रकाश को निदेशक प्रशिक्षण एवं सेवायोजन और शासन में प्रतीक्षारत चल रहीं निधि श्रीवास्तव को बदायूं का जिलाधिकारी बनाया गया है।

बदायूं के जिलाधिकारी मनोज कुमार को उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग प्रयागराज का सचिव, राज्यपाल के विशेष सचिव बद्रीनाथ सिंह को सोनभद्र और लखनऊ विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष इंद्रमणि त्रिपाठी को औरैया का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण की सीईओ दिव्या मित्तल को देवरिया का डीएम और देवरिया के जिलाधिकारी रहे अखंड प्रताप सिंह को ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण में तैनाती दी गई है।

मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और इन्वेस्ट यूपी के एसीईओ प्रथमेश कुमार को लखनऊ विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है, जबकि सदस्य न्यायिक राजस्व परिषद प्रयागराज देवी शरण उपाध्याय को प्रतीक्षारत रखा गया है।

इन आईपीएस अफसरों को बदला गया

योगी सरकार ने 10 आईपीएस अफसरों को भी इधर से उधर कर दिया। इनमें छह जिलों जालौन, एटा, हरदोई, शामली, बिजनौर और गाजीपुर के पुलिस कप्तानों को भी बदल दिया गया है। जालौन के एसपी ईराज राजा को गाजीपुर, जबकि एटा के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार सिंह को कानपुर पुलिस कमिश्नरेट में उपायुक्त बनाया गया है। राजेश कुमार सिंह के स्थान पर श्याम नारायण सिंह को एटा का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है। श्याम नारायण सिंह अभी तक वाराणसी कमिश्नरेट में उपायुक्त के पद पर तैनात थे, वहीं शामली के पुलिस कप्तान अभिषेक को बिजनौर का और बिजनौर के पुलिस कप्तान नीरज कुमार जादौन को हरदोई का पुलिस कप्तान नियुक्त किया गया है। कानपुर कमिश्नरेट के पुलिस उपायुक्त रामसेवक गौतम को शामली का नया पुलिस कप्तान बनाया गया है, जबकि हरदोई के एसपी रहे केशव चंद्र गोस्वामी को लखनऊ में अभिसूचना मुख्यालय में तैनात किया गया है।

Loading

About The Author


Spread the love