February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

120 करोड़ से हनोल मंदिर का होगा कायाकल्प : सतपाल

Spread the love

राजधानी के विकासनगर तहसील क्षेत्र के हनोल मंदिर में राजकीय मेला जागड़ा हुआ शुरू

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। 120 करोड़ रुपये से हनोल मंदिर को मास्टर प्लान के तहत विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्रीय ग्रामीणों को रोजगार मिलेगा।

उपरोक्त बात प्रदेश के पर्यटन एवं धर्मस्व मंत्री सतपाल महाराज ने विकासनगर तहसील क्षेत्र स्थित हनोल मंदिर में राजकीय जागड़ा मेले के शुभारंभ के मौके पर कही। कहा, क्षेत्र में होटल उद्योग बड़े पैमाने पर आने वाले हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को जहां रोजगार मिलेगा, वहीं क्षेत्र की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।

कहा, पहाड़ के पारंपरिक व्यंजनों को बढ़ावा देना चाहिए और सरकार भी इसके लिए प्रयासरत है। कहा, प्रदेश सरकार ने झंगोरे की खीर को शाही भोजन के रूप में पहचान दिलाई है और लोग भी इस भोजन को पसंद कर रहे हैं। महाराज ने कहा, लोग पहले मंडुआ नहीं खाते थे, बोलते थे यह काला अनाज है, लेकिन आज वहीं झंगोरा और मंडुआ घर-घर में खाया जा रहा।

कहा, सरकार का पूरा जोर पर्यटन और अतिथि सत्कार को बढ़ाने पर है। इसी वजह से पूरे देश में यह हमारी पहचान बन गई है। इसकी वजह से हमें आगे बढ़ने का मौका मिल रहा है। कहा, हमारे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी कहते हैं कि अपने क्षेत्र का विकास करें और हम अपने क्षेत्र के विकास के लिए पूरी तरह से संकल्पित भी हैं।

कहा, जौनसार बावर भी महाभारत की घटनाओं से आच्छादित है। यहां लाक्षागृह के रूप में लाखामंडल का उल्लेख मिलता है। इसे भी महाभारत सर्किट में शामिल किया जाएगा। कहा, मैं जब केंद्र में रेल राज्य मंत्री था तो पहाड़ तक रेल पहुंचाने की योजना बनाई थी। आज ऋषिकेश कर्णप्रयाग रेल लाइन से पहाड़ तक रेल पहुंच रही है। रेल के रूप में पहाड़ में लक्ष्मी भी आ रही हैं।

मंदिर में श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी

कहा, सरकार ने मेले का लाइव टेलीकास्ट कराया, जिससे यहां पर श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ी है। मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दो समय के भोजन की व्यवस्था भी होनी चाहिए। मंदिर में रात्रि जागरण के लिए जौनसार बावर, सीमांत हिमाचल प्रदेश, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल, देहरादून से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। मंदिर में देव दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतार लगी है।

Loading

About The Author


Spread the love