सीएम आवास जाने के दौरान हाथीबड़कला में पुलिस ने रोका, नोकझोंक
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सेविका और मिनी कर्मचारी संगठन उत्तराखंड ने सोमवार को मांगों को लेकर रैली निकाल राजधानी की सड़कों में हुंकार भरी। इस दौरान सीएम आवास रैली के साथ पहुंचने के पहले पुलिस ने सभी को हाथीबड़कला के पास रोक दिया।

संगठन का आरोप है कि प्रदेश स्तरीय बैठक में समस्याओं के निराकरण की मांग को लेकर विभागीय मंत्री और अफसरों को अवगत कराया, लेकिन समस्याओं के निदान पर कोई ठोस प्रगति नहीं हुई। सोमवार को सैकड़ों ने रैली निकाल मुख्यमंत्री आवास कूच किया, लेकिन पुलिस प्रशासन ने हाथी बडकला पर रोक लिया। इसके बाद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने वहीं पर सभा की।
पुलिस ने मुख्यमंत्री के कोऑर्डिनेटर इंद्रजीत कदाकोटी को मौके पर बुलाकर ज्ञापन लिया और आश्वासन दिया कि सीएम के आते ही उनकी मांगों को रखा जाएगा। उन्होंने केंद्र सरकार की मांगों को लेकर प्रस्ताव केंद्र को भेजने की बात भी कही। इस दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने एलान किया, जब तक सीएम से मुलाकात नहीं होती, तब तक न कुक्ड फूड बनाया जाएगा और न ही काम किया जाएगा।
उधर, सीएम के प्रतिनिधि को अपना मांग पत्र सौंपने के बाद रैली खत्म की। आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री से वार्ता के लिए कई महीनों से समय मांगा जा रहा है, लेकिन समय नहीं मिलने के बाद सोमवार को रैली निकालने के लिए विवश होना पड़ा।
इस मौके पर प्रदेश अध्यक्ष रेखा नेगी, सुमति थपलियाल, केंद्रीय प्रभारी मीनाक्षी रावत, प्रदेश संगठन मंत्री पौड़ी रंजीता अरोड़ा, प्रदेश महामंत्री ऊधम सिंह नगर विमला पनेरु, प्रदेश उपाध्यक्ष चंपावत मीना रावत, प्रदेश कोषाध्यक्ष टिहरी सुनीता भट्ट, प्रदेश मीडिया प्रभारी रुद्रप्रयाग बसंती रावत, प्रदेश सदस्य, उर्मिला, कस्तूरबा, पूनम कैंतोरा, विजय लक्ष्मी नौटियाल, ममता रतूड़ी, पिंकी सिंह, सुनीता नौटियाल, हेमा मालिनी, मीना बोरा, भगवती जोशी, अभिलाषा, लता, वंदना, अर्चना रमोला, सुषमा, विमला पोखरियाल, आशा भट्ट, मीना रावत, अर्चना शर्मा आदि थीं।
ये हैं मांगें
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय न्यूनतम मजदूरी के तहत ₹18000 किया जाय और प्रत्येक वर्ष सीनियरटी पर मानदेय बढ़ोतरी और सुपरवाइजर पदों पर पदोन्नति की व्यवस्था।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ती पदोन्नति के क्रम में, उसी केंद्र की सहायका को प्रथम वरीयता प्रदान की जाए।
विभागीय आदेश के अनुसार, आंगनबाड़ी केंद्रों को नजदीकी स्कूलों में शिफ्ट किया जा रहा, लेकिन जहां पर प्राथमिक स्कूल दूर हो वहां पर आंगनबाड़ी केंद्रों को किस जगह संचालित किया जाएगा बताया जाए।
विभाग हर माह आंगनबाड़ी का किराया भवन स्वामी के खाते में डाले।
नई योजना के शुभारंभ पर उस योजना के तहत आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को उसका मानदेय भी देने का प्राविधान किया जाए।
मिनी केंद्रों का उच्चीकरण शीघ्र किया जाए और समान कार्य के लिए समान मानदेय देने का प्राविधान बनाया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को सुपरवाइजर पदों पर शीघ्र पदोन्नति करे।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री से बीएलओ डूयूटी हटा दी जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को विभाग द्वारा दिए जा रहे सामान एवं मीटिंग में आने जाने का यात्रा भत्ता दिया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को नया फोन अच्छी क्वालिटी का दिलाया जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को अच्छी ड्रेस मुहैया कराई जाए।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश