सीएस ने शहरी क्षेत्रों में प्लास्टिक और कूड़ा निस्तारण के लिए जल्द सिस्टम तैयार करने की हिदायत दी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने लोक निर्माण विभाग को 30 नवंबर तक सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने और शहरी विकास विभाग को शहरी क्षेत्रों में प्लास्टिक, कूड़ा निस्तारण के लिए जल्द सिस्टम तैयार करने की हिदायत दी।

साथ ही संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा की गई घोषणाओं को तेजी से पूरा करने के लिए शासन स्तर पर सीमा निर्धारित की जाए। मुख्यमंत्री की घोषणाओं के क्रियान्वयन को शीर्ष प्राथमिकता पर लिया जाए।
रतूड़ी ने सचिवालय में पीडब्ल्यूडी, शहरी विकास, आवास और औद्योगिक विकास विभाग की समीक्षा के दौरान निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री घोषणाओं की विभागीय सचिव के स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग की जाए। यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी घोषणाओं को पूर्ण करने के लिए समय सीमा निर्धारित हो।
उन्होंने पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि मानसून अवधि में अतिवृष्टि से कई क्षेत्रों में सड़कों में जो गड्ढ़े हुए हैं, उन सड़कों को गड्ढ़ा मुक्त करने के लिए तेजी से कार्यवाही की जाए। उन्होंने निर्माण कार्यों से जुड़े विभागों के अधिकारियों को कार्यों में तेजी लाने के भी निर्देश दिए। कहा, विधायकों द्वारा अपने विस क्षेत्रों में जिन कार्यों को प्राथमिकता पर पूर्ण करने की अपेक्षा की गई है, उनमें कार्यवाही करें।
बैठक में पीडब्ल्यूडी, शहरी विकास, आवास और औद्योगिक विकास विभाग के अधिकारियों ने मुख्यमंत्री घोषणा एवं विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हुई बैठकों में लिए गए निर्णयों पर कार्य प्रगति की जानकारी दी। अपर मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री द्वारा जनहित में लिए गए निर्णयों पर विभागों द्वारा जो भी कार्य किए जा रहे हैं, उनमें समयबद्धता का विशेष ध्यान रखा जाए।
कहा, किसी कार्य में परेशानी हो रही है, तो जानकारी उच्च स्तर पर अविलंब दी जाय। यह सुनिश्चित किया जाए कि कार्यों में अनावश्यक विलंब न हो। बैठक में अपर सचिव लोक निर्माण विभाग विनीत कुमार एवं अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश