उत्तरकाशी जिले के पुरोला नगर पंचायत अध्यक्ष का मामला
प्रदर्शन और धरने में क्षेत्र के लोग भी शामिल, सरकार का फूंका पुतला
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। उत्तरकाशी जिले के पुरोला नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन नेगी को नगर पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोपों के बाद पद से बर्खास्त करने के विरोध में कांग्रेसियों समेत अन्य लोगों ने शनिवार को रैली निकालते हुए प्रदर्शन किया और प्रदेश की धामी सरकार का पुतला फूंका।
कांग्रेसियों ने भाजपा सरकार पर षड्यंत्र करने का आरोप लगाकर विरोध में शनिवार को नगर क्षेत्र में जुलूस निकालते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। व्यापारियो ने विरोध में अपनी दुकानें भी करीब दो घंटे तक बंद रखीं। प्रदर्शनकारियों ने इसके बाद एसडीएम देवानंद शर्मा के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन सौंपकर अध्यक्ष को बहाल करने की मांग की। आक्रोशित कांग्रेसियों और बर्खास्त नगर पंचायत अध्यक्ष हरिमोहन के समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ कुमोलारोड तिराहे पर धरना देते हुए चक्का जाम कर जनसभा की। जनसभा के दौरान प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। जुलूस का नेतृत्व कर रहे कांग्रेस जिलाध्यक्ष दिनेश चौहान ने कहा, सरकार ने षड्यंत्र रचकर नगर का विकास करने वाले युवा अध्यक्ष हरिमोहन नेगी को बेबुनियाद भ्रष्टाचार का आरोप लगाकर पद से हटाया है।
कहा, भाजपा सरकार की नीतियों को जनता समझ गई है। आरोप लगाया, सरकार के कई नेता व कार्यकर्ता भ्रष्टाचार में आकंठ डूबे हुए हैं, उनके खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई।
चौहान ने क्षेत्र की जनता, व्यापारियों, और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से भाजपा सरकार की जन विरोधी, किसान, मजदूर, बेरोजगार छात्र विरोधी सरकार की दमनकारी नीतियों से गांव-गांव तक पहुंचा कर लोगों को बताने की अपील की।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश