May 25, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

अनुपम खेर से मिलकर फिल्म नीति की दी जानकारी

Spread the love

उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी बंशीधर तिवारी ने खेर से की दून में भेंट

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी और प्रदेश के सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने रविवार को राजधानी के इंदिरा नगर में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता अनुपम खेर से भेंट कर उत्तराखंड सरकार की फिल्म नीति की जानकारी दी।

गौरतलब हो कि फिल्म अभिनेता अनुपम खेर अपनी नई फिल्म की लोकेशन रेकी के सिलसिले में उत्तराखंड के कई स्थानों का भ्रमण कर रहे हैं । तिवारी ने अनुपम खेर से यह भेंट प्रस्तावित शूटिंग लोकेशन स्थल में की। खेर ने पिछले दिनों लैंसडोन क्षेत्र का भ्रमण कर लोकेशन देखी थी। तिवारी ने खेर को उनकी नई फिल्म के लिए अग्रिम शुभकामनाएं भी दी।

तिवारी ने खेर को बताया, उत्तराखंड की प्रस्तावित फिल्म नीति में नई फिल्म लोकेशनों को प्रोत्साहित करने के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। साथ ही प्रदेश के कलाकारों और क्रू मेंबर को शामिल करने पर भी विशेष अनुदान की व्यवस्था की गई है। बताया, राज्य में फिल्म निर्माण को लेकर एक 360 डिग्री इकोसिस्टम का निर्माण किया जा रहा, जिसमें बाहरी फिल्म निर्माताओं के साथ स्थानीय फिल्म निर्माताओं और कलाकारों आदि को विशेष मौके मिलेंगे।

बताया, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने टैलेंट, टेक्नोलॉजी और ट्रेनिंग इन तीनों पक्षों पर मजबूती से काम करने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री के विजन के अनुरूप नई फिल्म नीति लाई जा रही, जिसमें बहुत से प्रावधान ऐसे हैं, जो सिनेमा और कंटेंट निर्माण की आधुनिक जरूरतों के अनुरूप हैं। नई पॉलिसी में वेब सीरीज, डॉक्युमेंट्री और लघु फिल्मों को भी स्थान दिया जा रहा है।

सूचना महानिदेशक को अनुपम खेर ने बताया, उनकी नई फिल्म की शूटिंग अप्रैल से शुरू होगी और नब्बे फीसदी से ज्यादा शूटिंग प्रदेश में ही करने की योजना है। उनकी आगामी फिल्म सैन्य पृष्ठभूमि पर आधारित पर है, जिसके लिए लैंसडोन और उसके आसपास की लोकेशन देखी है। कहा, उत्तराखंड तेजी से लोकप्रिय फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन बनता जा रहा है।

उन्होंने आशा व्यक्त की कि सरकार की फिल्म फ्रेंडली नीतियों से आने वाले समय में उत्तराखंड देश का सर्वश्रेष्ठ शूटिंग डेस्टिनेशन बनकर उभरेगा। तिवारी ने राज्य पुष्प ब्रह्मकमल की अनुकृति और शॉल भेंट कर खेर का स्वागत किया। इस मौके पर उत्तराखंड फिल्म विकास परिषद के नोडल अधिकारी डॉ नितिन उपाध्याय भी उपस्थित थे।

Loading

About The Author


Spread the love