April 27, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, ली जानकारी

Spread the love

हरिद्वार, पौड़ी (कोटद्वार ), ऊधम सिंह नगर, नैनीताल के आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई मुआयना किया
परिचालन केंद्र जाते समय बाल विकास अनुभाग-3 पहुंचे और जानकारी ले जरूरी निर्देश भी दिए
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र पहुंचकर प्रदेश के कई क्षेत्रों में हो रही अतिवृष्टि की जानकारी ली। उन्होंने सभी डीएम को अतिवृष्टि के चलते अलर्ट मोड पर रखने एवं सहयोगी संस्थाओं से समन्वय के निर्देश दिए। उधर, दोपहर ढाई बजे हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल के अतिवृष्टि और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया।
इसके अलावा परिचालन केंद्र पैदल जाते समय मुख्यमंत्री धामी अचानक सचिवालय परिसर स्थित बाल विकास अनुभाग-3 पहुंचे और मौजूद कर्मियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग, पौड़ी, नैनीताल एवं ऊधम सिंह नगर से फोन पर वार्ता कर अतिवृष्टि और जलभराव की स्थिति की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री ने डीएम को निर्देश दिए कि आपदा की दृष्टि से संवेदनशील स्थानों के लोगों के लिए पहले से सभी समुचित व्यवस्थाएं रखी जाएं। मुख्यमंत्री ने सचिव आपदा प्रबंधन को जिलाधिकारियों से निरंतर संपर्क बनाए रखने के निर्देश दिए। आपदा प्रबंधन के दृष्टिगत जनपदों को जो भी जरूरत हैं, शीघ्र मुहैया कराने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने अफसरों को निर्देश दिए कि अतिवृष्टि से सड़क, पेयजल, विद्युत एवं अन्य चीजें बाधित होने की स्थिति में सभी व्यवस्थाएं शीघ्र शुरू की जाए। इस अवसर पर अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, सचिव आपदा प्रबंधन डॉ. रंजीत सिन्हा, विनय शंकर पांडेय, राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रिद्धिम अग्रवाल एवं कई विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
उधर, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार दोपहर ढाई बजे से जनपद हरिद्वार, पौड़ी (कोटद्वार ), ऊधम सिंह नगर, नैनीताल के अतिवृष्टि और आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई और स्थलीय निरीक्षण किया। शाम चार बजे मुख्यमंत्री हल्द्वानी पहुंचे और आपदा से हुए नुकसान का जायजा
लिया।
वहीं, धामी बुधवार दोपहर सचिवालय स्थित मुख्यमंत्री कार्यालय से सचिवालय परिसर स्थित आपदा परिचालन केंद्र पैदल जाते हुए अचानक बाल विकास अनुभाग-3 पहुंचे। अनुभाग में उपस्थित कर्मचारियों से आवश्यक जानकारियां प्राप्त कर सचिवालय परिसर स्थित पालन केंद्र के सफल संचालन के लिए जरूरी निर्देश दिए।

Loading

About The Author


Spread the love