April 29, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

’21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा’

Spread the love

लाभार्थी सम्मान समारोह में बोले प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, कहा- आज अंतिम छोर तक विकास पहुंच रहा

बेबाक दुनिया डेस्क

देहरादून। कुछ लोग कहते हैं, मोदी का परिवार नहीं है। मोदी का परिवार पूरा देश है। फिर से देश में रामयुग लौट आया है। 21वीं सदी का तीसरा दशक उत्तराखंड का होगा।

उपरोक्त बात मंगलवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उत्तरकाशी जिले के बड़कोट के रामलीला मैदान में लाभार्थी सम्मान समारोह में उमड़ी भीड़ को संबोधित करते हुए कही। कहा, 10 साल में देश में हर व्यक्ति को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हर लाभार्थी योजना का भरपूर लाभ मिला है। विदेशों में भारत के सम्मान का जिक्र करते हुए धामी ने कहा, वर्ष 2014 से पहले प्रधानमंत्री विदेशों में जाते थे, लेकिन उनका वहां पर सम्मान नहीं होता था, क्योंकि नेतृत्व कमजोर था। पर अब 10 सालों में पीएम नरेंद्र मोदी का इंतजार पूरा विश्व करता है।

पूर्व की केंद्र सरकारों पर कटाक्ष करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, पहले योजना कुछ लोगों के लिए बनती थी, लेकिन आज अंतिम छोर तक विकास पहुंच रहा है, क्योंकि अंतिम छोर तक के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं। कहा, अब तक केंद्र सरकार ने 70 प्रतिशत घर की चाबियां आधी आबादी को दिया। आधी आबादी को लखपति दीदी भी बनाया गया। कहा, आजाद भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले प्रधानमंत्री हैं, जिन्होंने लोगों के इलाज के लिए पांच लाख रुपये दिए।

सोमवार को मंत्रिमंडल की बैठक में पारित उत्तराखंड लोक और निजी संपत्ति अध्यादेश 2024 का जिक्र करते हुए कहा, अब उत्तराखंड में दंगा और आगजनी करने वाले लोगों की संपत्ति जब्त कर ली जाएगी। कहा, जल्द ही इस संख्त कानून को प्रदेश में लागू कर दिया जाएगा। इस दौरान सीएम ने पुरोला नगर पंचायत को नगरपालिका बनाने की घोषणा की। कहा, बड़कोट पेयजल योजना को जल्द अमलीजामा पहनाया जाएगा।

उन्होंने भीड़ से मुखातिब होते हुए कहा, 2024 में 2019 से ज्यादा मतों से नरेंद्र मोदी को विजयी बनाएं। मुख्यमंत्री धामी ने लाभार्थी महिलाओं को सम्मानित किया। मुख्यमंत्री रंवाई घाटी की लोक संस्कृति से भी रूबरू हुए। रंवाई घाटी की महिलाओं ने मुख्यमंत्री के सामने रासो तांदी नृत्य किया। कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने से पूर्व बड़कोट बाजार में धामी ने रोड शो निकाला। स्थानीय लोगों और महिलाओं ने पुष्प वर्षा के साथ मुख्यमंत्री का स्वागत किया। वहीं, कार्यकर्ताओं ने पार्टी ध्वज संग ढ़ोल दमाऊ की थाप पर सड़क पर लोकनृत्य किया।

माला राज्यलक्ष्मी शाह ने मांगा समर्थन

टिहरी सांसद और इसी लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित माला राज्यलक्ष्मी ने भाजपा और अपने समर्थन में जनता से समर्थन मांगते हुए कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए वोट करें, क्योंकि उन्होंने उत्तराखंड के विकास के लिए योजनाओं दी हैं, इसलिए देश और उत्तराखंड के विकास के लिए प्रधानमंत्री मोदी को दोबारा पीएम बनाना जरूरी है। इस मौके पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी टिहरी सांसद के लिए समर्थन मांगा।

Loading

About The Author


Spread the love