February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

हरिद्वार : पुलिस चौकी के अंदर खाया जहर, मौत

Spread the love

प्रेम-प्रसंग के मामले में चौकी में पूछताछ के लिए युवक को पुलिस ने बुलाया था

दूसरी बिरादरी की युवती संग चल रहा था प्रेम-प्रसंग, शादी का बना रहा था दबाव

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। प्रेम-प्रसंग के मामले में युवती पर शादी का दबाव बनाने की परिजनों की शिकायत पर हरिद्वार जिले के लक्सर पुलिस चौकी में रविवार को पूछताछ के लिए बुलाए गए युवक ने चौकी के अंदर ही जहर खा लिया, जिसकी उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक शादीशुदा था और उसका तीन साल का एक बेटा भी है, जबकि युवती की शादी नहीं हो रखी थी। लक्सर कोतवाली पुलिस के मुताबिक, क्षेत्र के शेखपुरी गांव निवासी प्रशांत धीमान (32) का कोतवाली क्षेत्र के ही एक गांव निवासी युवती के साथ कई सालों से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। इस दौरान वर्ष 2019 में प्रशांत की शादी हो गई और उसका तीन साल का एक बेटा भी है।

पुलिस के अनुसार, बेटा होने के बावजूद प्रशांत और युवती के बीच प्रेम-प्रसंग लगातार चलता रहा। इस बीच प्रशांत युवती पर शादी करने का दबाव बनाने लगा। युवती का कहना था कि वह (प्रशांत) शादीशुदा है और पहले अपनी पत्नी से तलाक ले, उसके बाद शादी करेगी और उसके बेटे को भी पाल लेगी।

पुलिस के अनुसार, प्रशांत युवती से यही कह रहा था कि उसने पत्नी को तलाक दे दिया है। पुलिस के अनुसार, इसी बात को लेकर प्रशांत युवती पर शादी के लिए दबाव बना रहा था, लेकिन युवती का स्पष्ट कहना था कि पहले वह उसे तलाक के कागज दिखाए। इसी मामले को लेकर रविवार को दोनों परिवार वालों के बीच विवाद बढ़ गया।

इसके बाद युवती के परिजनों ने लक्सर कस्बा चौकी में प्रशांत के खिलाफ युवती को परेशान करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। तहरीर के बाद चौकी प्रभारी अंशुल अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को भेजकर युवक को चौकी बुलाया।

प्रशांत को चौकी में बुलाने की जानकारी पर उसके परिजन भी पुलिस चौकी पहुंच गए। उधर, युवती के माता-पिता संग अन्य लोग भी चौकी पहुंच गए। पुलिस प्रशांत से पूछताछ कर रही थी, इसी बीच वह शौचालय जाने का बहाना कर शौचालय पहुंचा और यहीं पर जहर खा लिया। थोड़ी देर बाद जब शौचालय से लौटा तो कुछ देर बाद उसकी तबीयत खराब हो गई।

पुलिस ने जब तबीयत खराब होने का कारण पूछा तो प्रशांत ने जहर खाने की बात बताई। इसके बाद पुलिस युवक को लेकर भूमानंद अस्पताल पहुंची, जहां उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने परिजनों की मौजूदगी में प्रशांत के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

उधर, लक्सर कोतवाली प्रभारी राजीव रौथाण ने बताया, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती ने युवक पर गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी थी। पूछताछ के लिए युवक परिजनों के साथ पुलिस चौकी आया था, पर शौचालय का बहाना बनाकर कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मामले की जांच की जा रही है।

Loading

About The Author


Spread the love