मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने केदारनाथ धाम का किया निरीक्षण, पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की समीक्षा की
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने बृहस्पतिवार को केदारनाथ धाम पहुंचकर पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों का जायजा लेते हुए हो रहे कार्यों की समीक्षा की।
एक दिवसीय केदारनाथ और बदरीनाथ धाम भ्रमण पर मुख्य सचिव, पर्यटन विभाग के विशेष कार्याधिकारी भास्कर खुल्बे के साथ डीजीपी अभिनव कुमार, पर्यटन सचिव सचिन कुर्वे करीब 7:45 बजे हेलिकॉप्टर से केदारनाथ हैलीपैड पर पहुंची। इस दौरान उन्होंने कई निर्माण एवं पुनर्निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाते हुए 10 मई को केदार धाम के कपाट खुलने से पहले सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। इसके लिए अतिरिक्त मजदूर एवं संसाधन इस्तेमाल करने के निर्देश देते हुए कहा, श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो ध्यान रखा जाए।







उन्होंने डीएम एवं लोनिवि के अधिकारियों से वर्तमान में गतिमान पुनर्निर्माण एवं विकास कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद मंदाकिनी-सरस्वती घाट, गेस्ट हाउस, अस्पताल, आस्था पथ, केदारनाथ मंदिर परिसर सहित अन्य निर्माणाधीन कार्यों का जायजा लेते हुए तय डेडलाइन से पहले कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। आस्था पथ एवं वाटर एटीएम सहित अन्य कार्यों पर अतिरिक्त मजदूर लगाने के निर्देश संबंधित विभागों को देते हुए यात्रा शुरू होने से पहले सभी कार्य पूरे करने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं को कोई समस्या न हो।
साथ ही डीएम को अधिक संसाधनों का प्रयोग करते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाते हुए गोल चबूतरे से मंदिर परिसर तक कॉरिडोर का कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने अफसरों और संबंधित एजेंसियों को निर्माण कार्यों में इस्तेमाल हो रही सामाग्री में गुणवत्ता का ध्यान रखने के निर्देश भी दिए। श्रद्धालुओं की सुविधाओं का ध्यान रखने एवं यात्रा सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए हर संभव प्रयास करने को भी कहा। करीब 10:30 बजे मुख्य सचिव हैलीपैड से बदरीनाथ के लिए रवाना हुईं। बदरीनाथ धाम में भी यात्रा व्यवस्थाओं समेत अन्य कार्यों की जानकारी ली।






मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, भास्कर खुल्बे, डीजीपी अभिनव कुमार एवं जिलाधिकारी सौरभ गहरवार ने व्यापारियों से मुलाकात कर समस्याएं सुनी। व्यापारियों से वार्ता करते हुए अफसरों ने उन्हें उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीजीपी अभिनव कुमार ने पुलिस विभाग के लिए केदारनाथ में तैयार हो रहे भवन एवं व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए निर्माण कार्य में गुणवत्ता का ध्यान रखते हुए समय से कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
इस मौके परअधीक्षण अभियंता आठवां वृत्त लोनिवि टिहरी मुकेश परमार, डीडीएमए विनय झिंक्वाण, सहायक अभियंता लोनिवि राजविंद्र सिंह, मनीष, अजय थपलियाल आदि मौजूद रहे।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश