February 1, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

गर्भवती का राजभवन के सामने सड़क पर प्रसव, नवजात की गई जान

Spread the love

प्रदेश के डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने दिए मामले की जांच के आदेश
फोन करने के बाद तकरीबन 39 मिनट बाद मौके पर पहुंची एंबुलेंस

बेबाक दुनिया ब्यूरो
लखनऊ। रविवार सुबह डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल से अपने को दिखाकर रिक्शे से रिश्तेदार संग लौट रही पांच माह की गर्भवती का राजभवन के सामने रक्तस्राव और पीड़ा होने के बाद सड़क पर ही प्रसव हो गया। समय पूर्व प्रसव के चलते नवजात की मौत हो गई, जबकि महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उधर, प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने समय से एंबुलेंस नहीं पहुंचने के मामले की जांच के आदेश प्रमुख सचिव को दिए हैं। पुलिस के मुताबिक, मॉल एवेन्यू निवासी सब्जी विक्रेता ब्रजेश सोनी की गर्भवती पत्नी रूपा को सुबह करीब साढ़े सात बजे के आसपास दर्द उठा, तो वह अपनी भाभी के साथ डॉक्टर श्यामा प्रसाद मुखर्जी अस्पताल पहुंची।
इस दौरान डॉक्टरों ने इंजेक्शन लगाया और कुछ टेबलेट खाने के दिए। इसके बाद रूपा अपनी भाभी के साथ रिक्शे से वापस घर जा रही थी। इसी बीच उसका रिक्शा अभी राजभवन के गेट नंबर तेरह के पास सुबह आठ बजे के आसपास पहुंचा ही था, तभी रक्तस्राव शुरू होने के साथ ही प्रसव पीड़ा होने लगी।
रूपा रिक्शे से किसी तरह उतर कर सड़क पर आई ही थी कि उसका प्रसव हो गया। इस दौरान मौके पर मौजूद कुछ महिलाओं ने चादर का घेरा बनाया। इस बीच मौके पर पहुंची कमिश्नरेट पुलिस ने एंबुलेस को फोन किया, लेकिन एंबुलेंस आधे घंटे के बाद ही पहुंच सकी।
एंबुलेस से महिला और उसके मृत बच्चे को झलकारी बाई अस्पताल पहुंचाया गया। अस्पताल की सीएमएस डॉ निवेदिता ने बताया कि समय से काफी पूर्व प्रसव होने से नवजात की मौत हुई है। उधर, सूचना के बाद डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक अपनी पत्नी के साथ अस्पताल पहुंचे और अपनी ही गाड़ी से महिला के पति और उसके मृत नवजात को बैकुंठ धाम लेकर गए।
यहां नवजात को दफन कर दिया गया। वहीं, पाठक ने प्रमुख सचिव स्वास्थ्य को एंबुलेंस समय पर नहीं पहुंचने के मामले की जांच के निर्देश देते हुए जल्द रिपोर्ट तलब की है।

Loading

About The Author


Spread the love