February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

लेह में बलिदान मेजर को दी अंतिम विदाई

Spread the love

कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल और गणेश जोशी समेत सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से दी बलिदानी मेजर को श्रद्धांजलि

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। जम्मू-कश्मीर के लेह में 94 मीडियम रेजिमेंट में तैनात रहे मेजर प्रणय नेगी (37) का पार्थिव शरीर बृहस्पतिवार को पैतृक घर भानियावाला पहुंचा, जहां कैबिनेट मंत्री समेत अन्य जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद मेजर की पार्थिव देह को हरिद्वार ले जाया गया, जहां पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया।

मेजर प्रणय नेगी जम्मू कश्मीर के लेह में तैनात थे। पिछले सोमवार की रात पोस्ट पर तैनाती के दौरान मेजर का स्वास्थ्य बिगड़ गया और वह बलिदान हो गए थे। मेजर मूल रूप से टिहरी जिले के कीर्तिनगर क्षेत्र के थाती डागर के निवासी थे। मेजर प्रणय मसूरी के सेंट जोर्ज स्कूल में शिक्षा प्राप्त की थी। जहां उन्हें बेस्ट स्टूडेंट के रूप में राष्ट्रपति ने सम्मानित भी किया था। उधर, जम्मू कश्मीर के लेह से उनकी पार्थिव देह बृहस्पतिवार को डोईवाला क्षेत्र के भानियावाला स्थित उनके निवास स्थान पहुंची।

यहां पर धामी सरकार के कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला आदि समेत सैकड़ों लोगों ने नम आंखों से बलिदानी मेजर को श्रद्धांजलि। उधर, हरिद्वार श्मशान घाट पहुंचे प्रदेश के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने मेजर प्रणय नेगी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद बलिदानी मेजर प्रणय नेगी का राजकीय और पूरे सैन्य सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान सैनिक कल्याण मंत्री जोशी ने परिजनों को ढांढस बंधाया और राज्य सरकार की तरफ से हरसंभव मदद का भरोसा दिया। इस मौके पर जिला सैनिक कल्याण अधिकारी सरिता पंवार, शहीद के परिजन और सैन्य अधिकारीगण समेत काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Loading

About The Author


Spread the love