February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

गंगोत्री-यमुनोत्री में तीर्थयात्रियों के टूटे रिकॉर्ड

Spread the love

2023 में यमुनोत्री धाम पहुंचे थे 12,045 तो इस बार 12,148 पहुंची संख्या

गंगोत्री धाम में 2023 में 13,670 तो 13 मई को रिकॉर्ड 18,973 यात्री पहुंचे

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। उत्तरकाशी जिले में स्थित चारधामों में से दो धाम यमुनोत्री और गंगोत्री धाम में अबकी पहुंचे तीर्थयात्रियों ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। खासकर दो दिनों से रिकॉर्ड भीड़ जुटने से मंदिर समिति ने देर रात तक श्रद्धालुओं को दर्शन कराया।

चारधाम में इस बार रिकॉर्ड तीर्थयात्री जुट रहे हैं। करीब छह किलोमीटर पैदल दूरी पर यमुनोत्री धाम में भी रिकॉर्ड यात्री दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। यमुनोत्री धाम में 2023 में 28 मई को सबसे ज्यादा 12,045 तीर्थयात्री पहुंचे थे, जो पिछले कई सालों के रिकॉर्ड था, लेकिन इस साल यमुनोत्री धाम में 12,148 तीर्थयात्रियों की संख्या ने रिकॉर्ड बनाया है। यमुनोत्री धाम में दर्शन के लिए तीर्थयात्रियों की भीड़ के जुटने का सिलसिला जारी है।

इसके लिए प्रशासन ने बैरियर और गेट सिस्टम लागू कर दिया है। अब यमुनोत्री धाम में दर्शन सुचारू रूप से हो रहे हैं, लेकिन यमुनोत्री की भीड़ के गंगोत्री धाम में पहुंचने से दबाव और बढ़ गया है। यहां दो दिनों से रिकॉर्ड तीर्थयात्रियों ने दर्शन किए हैं। पिछले साल यमुनोत्री के बाद गंगोत्री में 29 मई को रिकॉर्ड 13,670 तीर्थयात्री एक दिन में पहुंचे थे, जो इस साल गत दिवस 18,973 हो गया है।

यह अब तक का सर्वाधिक तीर्थयात्रियों के पहुंचने का रिकॉर्ड बन गया है, जबकि मंगलवार (14 मई) को गंगा सप्तमी पर टिहरी और उत्तरकाशी जिले की देव डोलियों के पहुंचने से दबाव और बढ़ गया है। व्यवस्था बनाने में पुलिस-प्रशासन और मंदिर समिति को खासी मशक्कत करनी पड़ रही है। गंगोत्री धाम में संकरे मार्ग पर बड़ी बसों के फंसने से ज्यादा दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।

इससे वाहनों का दबाव बढ़ने से गंगोत्री तक वाहन कतार में चल रहे हैं। हालांकि, यहां भी प्रशासन द्वारा रामलीला मैदान, हीना, भटवाड़ी, गंगनानी, सुक्की, झाला, हर्षिल, धराली से रुक-रुक कर वाहन छोड़े जा रहे हैं। इससे गंगोत्री धाम में देर रात तक तीर्थयात्रियों के पहुंचने क्रम जारी रहा। प्रशासन के अनुरोध पर देर रात गंगोत्री मंदिर समिति ने सभी श्रद्धालुओं के दर्शन कराए। साथ ही प्रशासन, पुलिस एवं मंदिर समिति ने तीर्थयात्रियों को जलपान कराया गया।

गंगोत्री में रात दो बजे तक बाजार खुला रहा। उधर, उत्तरकाशी के जिलाधिकारी डॉ. मेहरबान सिंह बिष्ट के मुताबिक, यमुनोत्री धाम में गेट सिस्टम के बाद पूरा ट्रैफिक गंगोत्री धाम मार्ग की तरफ आ गया। इससे कुछ स्थानों पर संकरी सड़क पर बड़ी बसें फंसने से वाहनों का दबाव बढ़ गया। यात्रा मार्ग पर अफसरों और कर्मियों को तैनात कर तीर्थयात्रियों के लिए भोजन, पानी, मेडिकल व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

Loading

About The Author


Spread the love