देहरादून। पौड़ी गढ़वाल के श्रीनगर की एक आवासीय बस्ती से शुक्रवार को मां के साथ आंगन में खेल रहे तीन साल के बच्चे को गुलदार उठाकर ले गया। वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और बच्चे की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन पता नहीं चल सका।
वन विभाग के मुताबिक, श्रीनगर नगर निगम क्षेत्र के गढ़वाल विवि के बिड़ला परिसर स्थित बॉयज हॉस्टल के समीप डांग जाने वाले मार्ग पर आवासीय बस्ती के घर के आंगन से शुक्रवार को शाम मां के साथ खेल रहे एक तीन साल के बच्चे को गुलदार उठाकर ले गया, जिसका देर रात तक कहीं पता नहीं चल सका है, इससे क्षेत्र में दहशत फैल गई है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम बच्चे की खोजबीन में जुट गई।
डांग क्षेत्र से सटे सिंदरीगाड़ के पास एक बस्ती में झोपड़ पट्टी पर रह रहे हरिद्वारी का बेटा सूरज (3) घर के बाहर आंगन में मां के साथ खेल रहा था, तभी पीछे से आया गुलदार बच्चे को उठाकर ले गया। बच्चे की मां ने शोर मचाया, लेकिन तब तक गुलदार बच्चे को ले जा चुका था। इस दौरान शोर सुनकर आसपास के लोग बड़ी संख्या में एकत्रित हो गए।
पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी हरिद्वारी करीब तीन माह से किराये की झोपड़ी में रह रहा था। दो बेटियां और सबसे छोटा बेटा सूरज 15 दिन पहले अपने गांव से श्रीनगर पहुंचा था। बच्चे का पिता फेरी लगाकर लहसुन बेचने का काम करता है। गुलदार के हमले के बाद से बच्चे की मां और परिवार के अन्य सदस्यों का बुरा हाल है।
गौरतलब हो कि अभी तीन माह पहले बुघाणी रोड से एक बच्चे को गुलदार ने निवाला बनाया था, जबकि एक माह पहले श्रीकोट में एक बच्ची पर गुलदार ने हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया था। जिसका इलाज एम्स ऋषिकेश में चल रहा है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश