February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

अलकनंदा नदी में गिरा सवारी वाहन, 14 की मौत, 12 घायल

Spread the love

रुद्रप्रयाग के पास शनिवार को पूर्वान्ह ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर टेंपो-ट्रेवलर्स दुर्घटनाग्रस्त

नई दिल्ली से चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेकिंग पर जा रहा था 23 सदस्यीय युवाओं का दल

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। शनिवार को पूर्वान्ह साढ़े ग्यारह बजे एक टेंपो ट्रेवलर्स वाहन रुद्रप्रयाग जिले के ऋषिकेश-बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर अलकनंदा नदी में गिर गया, जिससे 14 लोगों की मौत हो गई। हादसे में 12 लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। पांच अतिगंभीर घायलों को एयर लिफ्ट कर ऋषिकेश स्थित एम्स में भर्ती कराया गया है।

उधर, देर सायं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एम्स पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। मरने वालों में तीन की शिनाख्त अभी तक नहीं हो पाई है। रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में सात और एम्स में पांच का इलाज चल रहा है। हादसे का कारण टेंपो ट्रेवलर्स चालक को झपकी आना बताया जा रहा है। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार देर रात्रि नई दिल्ली से 23 युवाओं का दल टेंपो ट्रेवलर्स से चोपता-तुंगनाथ-चंद्रशिला ट्रेकिंग के लिए चले थे।

शनिवार को रुद्रप्रयाग के समीप रैंतोली में टेंपो ट्रेवलर्स अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पैराफिट को तोड़कर सीधे 250 फीट गहरी खाई में अलकनंदा नदी किनारे जा गिरा। सूचना पर पुलिस प्रशासन के अफसरों समेत जिला आपदा प्रबंधन और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची और रेस्क्यू किया। इस दौरान मौके से 10 शव बाहर निकालने के साथ 16 घायलों को गहरी खाई से निकालकर रुद्रप्रयाग के जिला अस्पताल में पहुंचाया।

इस दौरान सात गंभीर घायलों को एयर लिफ्ट कर एम्स ऋषकेश भेजा गया, जहां दो की और मौत हो गई। वहीं, जिला अस्पताल में भर्ती घायलों में भी दो की और मौत हो गई। उधर, एम्स ऋषिकेश के ट्रॉमा इमरजेंसी में भर्ती पांचों घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।

सीएम पहुंचे एम्स, मदद का दिया भरोसा

देर सायं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी घायलों का हालचाल जानने एम्स पहुंचे और ट्रॉमा सेंटर में भर्ती घायलों से बातचीत कर सरकार की ओर से भरोसा दिलाया कि सभी का समुचित इलाज और जरूरी मदद सरकार करेगी। एम्स के डॉक्टरों को जरूरी निर्देश दिए। इस मौके पर एम्स की कार्यकारी निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह, उप निदेशक (प्रशासन) ले. कर्नल अमित पराशर, ट्रॉमा सर्जन डॉक्टर मधुर उनियाल, जनसंपर्क अधिकारी संदीप कुमार सिंह आदि मौजूद थे।

रुद्रप्रयाग जिला अस्पताल में भर्ती घायल

1-वंदना शर्मा, ब्लाक-ए नोएडा, यूपी
2- महिमा त्रिपाठी, उत्तरप्रदेश
3- शुभम सिंह उम्र, सेक्टर-51 नोएडा, यूपी
4- नमिता शर्मा, यूपी
5-लक्ष्य अग्रवाल, मथुरा उत्तर प्रदेश।
6-अमित, मध्य प्रदेश।
7- शशांक बिष्ट, हल्द्वानी, उत्तराखंड।

एम्स में भर्ती घायल

1-धर्मेंद्र कुमार उर्फ सैम, दिल्ली।
2- सौनिक, सोनीपत, हरियाणा।
3- आदित्य, मथुरा, उत्तर प्रदेश।
4- छवि, झांसी, उत्तर प्रदेश।
5- अभिषेक।

इनकी हुई मौत

1-स्मृति शर्मा, (28) डी-वन, मुर्धवा हाईटेक काॅलोनी, रेनुकूट सोनभद्र, उत्तर प्रदेश।
2-मोहनी पांडेय, (27) जगपुर, प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश।
3-करन सिंह, (चालक), अलीगढ़, यूपी।
4-निकिता भट्ट, खटीमा, उत्तराखंड।
5-गुरुकीरत सिंह।
6-आकांक्षा, झांसी, उत्तर प्रदेश।
7-स्मृति त्रिपाठी।
8-अंजलि श्रीवास्तव।
9-निकेत सुनील शर्मा, गुजरात।
10-बृजेश बिष्ट, उत्तराखंड।
11-देव, दिल्ली।

Loading

About The Author


Spread the love