मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से नई दिल्ली में की भेंट
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से शिष्टाचार भेंट कर नैनीताल स्थित रक्षा संपदा विभाग की भूमि को राज्य सरकार को मुहैया कराने पर सहमति प्रदान करने का अनुरोध किया।
इस दौरान मुख्यमंत्री धामी ने रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को राज्य की समस्त जनता की ओर से पुनः रक्षा मंत्रालय का दायित्व मिलने पर बधाई और शुभकामनाएं दीं। धामी ने रक्षा मंत्री से पर्यटन नगरी, नैनीताल में देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों/श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग सुविधाओं के विकास के लिए नैनीताल स्थित रक्षा संपदा विभाग की भूमि को राज्य सरकार को उपलब्ध कराने पर सहमति देने का अनुरोध किया।
मुख्यमंत्री ने कहा, वर्तमान में नैनीताल विश्व में पर्यटन ही नहीं वरन धार्मिक/आध्यात्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण हो गया है। नैनीताल में विश्व प्रसिद्ध बाबा नीब करौरी महाराज का आश्रम श्री कैंची धाम में श्रद्धालुओं की संख्या में अत्यधिक बढ़ोतरी हो रही है। कैंची धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालु नैनीताल और आसपास क्षेत्रों में ही रुकते हैं।
नैनीताल में पार्किंग व्यवस्था के काफी सीमा तक समाधान के लिए मुख्य रूप से यह विकल्प संज्ञान में लाया गया कि नैनीताल नगर में नैनी झील से दो किमी की दूरी पर रक्षा संपदा विभाग की भूमि है, जिसका क्षेत्रफल तीन एकड़ है। धामी ने रक्षा मंत्री से कहा, यदि इस भूमि को पार्किंग हेतु उपलब्ध करा दिया जाता है, तो नैनीताल में एक सीमा तक पार्किंग व्यवस्था की समस्या का समाधान हो जाएगा।
कहा, इस स्थल को यदि बहुमंजिला पार्किंग के रूप में विकसित किया जाता है तो इसमें लगभग 1500-2000 तक वाहन पार्क हो जाएंगे। रक्षा मंत्री ने धामी को सहयोग के लिए आश्वस्त किया।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश