February 2, 2026

BebakDuniya

साथ सच का

सीएम ने एक पेड़ मां के नाम अभियान में मां संग रोपा पौधा

Spread the love

मुख्यमंत्री ने कहा, व्यक्ति के जीवन में उसकी सबसे पहली गुरु मां हैं, उनके नाम पर पौधरोपण सौभाग्य से कम नहीं

गंगोत्री विहार में नदी किनारे खाली भूमि पर एमडीडीए की ओर से आयोजित किया गया पौधरोपण कार्यक्रम

बेबाक दुनिया ब्यूरो

देहरादून। ‘जीवन में व्यक्ति की सबसे पहली गुरु मां ही है। ऐसे में मां के नाम पौधरोपण अभियान में शामिल होना किसी सौभाग्य से कम नहीं है।’

यह बात प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के अंतर्गत राजधानी के कैनाल रोड स्थित गंगोत्री विहार में रिस्पना नदी के किनारे खाली भूमि पर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण के तत्वावधान में आयोजित पौधरोपण कार्यक्रम में अपनी मां बिशना देवी के साथ पौधरोपण करते हुए कही। धामी ने अपनी मां बिशना देवी के नाम से पौधरोपण भी किया।

मुख्यमंत्री ने कहा, विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ‘एक पेड़ मां के नाम’ लगाने की देशवासियों से अपील की थी। राज्य में इसे अभियान के रूप में लिया गया है। धामी ने सभी प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि इस मानसून सीजन में एक पेड़ मां के नाम जरूर लगाएं। कहा, सभी के जीवन में मां पहली गुरु होती हैं। गुरु पूर्णिमा की भी उन्होंने प्रदेशवासियों को शुभकामना दी।

कहा, हरेला पर्व से 15 अगस्त तक राज्य में बृहद स्तर पर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान से सामाजिक संस्थाओं, पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य करने वाले लोगों, स्वयं सहायता समूहों को भी जोड़ा गया है। राज्य से ग्राम पंचायत स्तर पौधरोपण अभियान चलाया जा रहा है। इस मौके पर एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा, जिस भूमि पर पौधरोपण किया जा रहा है, यहां आने वाले दिनों में पार्क का निर्माण किया जाएगा।

बताया, शुरुआती चरण में भूमि के चारों ओर से फेंसिंग कराई जाएगी, ताकि जानवर पौधों को नुकसान न पहुंचा सकें। साथ ही यहां पर पैदल ट्रैक के निर्माण के साथ ही इस तरह के पौधों को लगाया जाए, जिससे यहां बायो डाइवर्सिटी को भी बढ़ावा मिल सके। उपाध्यक्ष ने अपनी मां सावित्री देवी के नाम से भी पौधरोपण किया।

इस मौके पर कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, गणेश जोशी, निवर्तमान मेयर सुनील उनियाल गामा, सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम और शैलेश बगोली ने भी पौधरोपण किया।

कैबिनेट मंत्री जोशी ने मां से लिया आशीर्वाद

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने गुरु पूर्णिमा पर सबसे पहले अपनी मां मोहनी जोशी का आशीर्वाद प्राप्त किया। मंत्री ने कहा, मां ही सबसे बड़ी गुरु है। कहा, मां का कर्तव्य केवल लालन-पालन व स्नेह दान तक ही सीमित नहीं है। बालक को जीवन में विकसित होने उत्कर्ष की ओर बढ़ने के लिए भी मां ही शक्ति प्रदान करती है, उसे सही प्रेरणा देती है। इसके बाद जोशी ने कैंट विधायक सविता कपूर के इंद्रानगर स्थित निजी आवास पहुंचकर अपनी गुरु मां सविता कपूर का आशीर्वाद लिया। कहा, मैं आज जो कुछ भी हूं अपने गुरु स्वर्गीय हरबंश कपूर एवं गुरु मां सविता कपूर की वजह से ही हूं।

Loading

About The Author


Spread the love