बोले, आंदोलनकारियों की पेंशन में वृद्धि के साथ वृद्धावस्था, विधवा, दिव्यांगजन पेंशन की राशि बढ़ाई
प्रमुख चौराहों का नामकरण यहां के स्वतंत्रता सेनानियों, साहित्यकारों और महान विभूतियों के नाम होंगे
दुर्गम इलाकों में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री जच्चा-बच्चा सुरक्षा योजना शुरू की जाएगी
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 77वें स्वतंत्रता दिवस पर मगंलवार को परेड ग्राउंड में ध्वजारोहण कर एक-एक कर सरकार की उपलब्धियां भी मौजूद लोगों के सामने गिनाई। इस अवसर पर स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों को सम्मानित कर एक फोटो प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
उन्होंने एलान किया कि लोगों को वर्षभर भवन निर्माण सामग्री ऑनलाइन बुकिंग से सीधे घर तक पहुंचाने के लिए खनिज प्रसंस्करण पोर्टल बनाया जाएगा, जिससे जहां इन खनिजों की कालाबाजारी रुकेगी, वहीं सस्ते खनिज पदार्थ आसानी से मिल सकेंगे। कहा, दुर्गम इलाकों में गर्भवती महिलाओं की सुरक्षा के लिए मुख्यमंत्री जच्चा-बच्चा सुरक्षा योजना शुरू की जाएगी, जिसके जरिए विषम हालातों में गर्भवतियों को एयरलिफ्ट करने की व्यवस्था के लिए तंत्र विकसित किया जाएगा।
कहा, इस व्यवस्था को 108 एंबुलेंस सेवा से जोड़ने की योजना है। कहा, सरकारी स्कूलों में कक्षा एक से 12 तक के विद्यार्थियों के लिए विषयों की पुस्तक हिंदी और अंग्रेजी दोनों निशुल्क उपलब्ध कराई जाएगी। एलान किया कि अग्निवीर योजना के विरोध में प्रदर्शन में शामिल युवाओं पर लगे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।
एलान किया, राज्य के प्रमुख चौराहों और सड़कों का नामकरण राज्य के स्वतंत्रता सेनानियों, शहीदों, साहित्यकारों, महान विभूतियों के नाम पर किया जाएगा। साथ ही राज्य में एकल, निराश्रित, परित्यक्ता एवं विधवाओं को उनके घर पर रोजगार सृजन हेतु प्रोत्साहित करने एवं आर्थिक स्थिति को मजबूत करने को मुख्यमंत्री एकल महिला स्वरोजगार योजना शुरू की जाएगी।
कहा, पर्वतीय क्षेत्र के नगरों को विकसित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री पर्वतीय नगर विकास योजना के अंतर्गत कुमाऊं और गढ़वाल मंडलों में एक-एक शहर को मॉडल सिटी के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके अलावा मजदूर वर्ग के बच्चों के लिए उचित शिक्षा एवं संतुलित पोषण सुनिश्चित करने के लिए मोबाइल स्कूल, मोबाइल आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
कहा, राजधानी के विकासनगर क्षेत्र में यमुना नदी के किनारे स्थित हरिपुर को ऐतिहासिक और पौराणिक स्वरूप दिलाने के लिए कार्ययोजना तैयार की जाएगी। प्रदेश में जनजातीय संस्कृति के संर्वधन हेतु शीघ्र ही राष्ट्रीय जनजातीय सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
कहा, सीमांत गांव के जनजातीय इलाकों में एकलव्य स्कूलों की संख्या में वृद्धि के लिए केंद्र से अनुरोध किया जाएगा। एक से अधिक प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल हुए प्रतिभागियों के कारण रिक्त पदों पर प्रतीक्षा सूची के आधार पर नियुक्ति प्रदान की जाएगी। यह प्रतीक्षा सूची एक निश्चित समयावधि तक मान्य होगी और प्रभावी रहेगी।
धामी ने एलान किया, प्रदेश में कुटीर उद्योगों और स्वरोजगार को बढ़ावा देने व इनके उत्पादों की बिक्री हेतु यूनिटी मॉल की स्थापना की जाएगी।

ये भी कहा
हमें आजादी के अमृतकाल में सामूहिक प्रतिबद्धता का प्रदर्शन करते हुए भारत को वैश्विक महाशक्ति बनाने का प्रण लेकर आगे बढ़ना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र के प्रति समर्पण का एक नया भाव जागृत हुआ है और पीएम के निर्देशन में देश आज पहले से कहीं अधिक संगठित, सशक्त और सुरक्षित हो रहा है।
प्रधानमंत्री का उत्तराखंड से विशेष लगाव है। पिछले नौ वर्षों में केंद्र सरकार ने एक लाख 50 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं स्वीकृत की हैं। केदारपुरी का पुनर्निर्माण व बदरीनाथ धाम में मास्टर प्लान के तहत तेजी से कार्य हो रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत तीन स्टेशनों के पुनर्विकास के लिए 83 करोड़ से अधिक की राशि प्रदान की है।जौलीग्रांट एयरपोर्ट को अंतरराष्ट्रीय स्तर का बनाया जा रहा और ऊधमसिंहनगर में ग्रीन फील्ड एयरपोर्ट को भी विकसित किया जा रहा है।
केंद्र के रीजनल कनेक्टिविटी योजना के अंतर्गत 13 स्थानों पर हैलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। 38 छोटे नगरों में पेयजल के लिए 1600 करोड़ रुपये की उत्तराखंड अर्बन वाटर सप्लाई प्रोजेक्ट जैसी पेयजल योजना की भी स्वीकृति मिल चुकी है। 952 करोड़ का उत्तराखंड क्लाईमेट रेन-फेड फार्मिंग प्रोजेक्ट मंजूर किया जा चुका है।
देहरादून, मसूरी में ट्रांसपोर्ट इंफ्रास्ट्रक्चर के लिए भारत सरकार द्वारा 1750 करोड़ की परियोजना के लिए स्वीकृति प्रदान की गई है। जमरानी और सौंग बांध बनाने की अनुमति मिल चुकी है और 300 मेगावाट की लखवाड़ बहुद्देशीय परियोजना का कार्य गतिमान है। ऊधमसिंहनगर में एम्स का से सेटेलाइट सेंटर बनने से एक बड़ी आबादी को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा मिलेगी। इसके लिए भारत सरकार द्वारा 700 करोड़ रुपये का बजट जारी कर दिया गया है।
राज्य में जल्द यूसीसी को लागू किया जाएगा
कहा, राज्य में जल्द ही समान नागरिक संहिता को लागू करने जा रहे हैं। अंत्योदय परिवारों को मुफ्त में तीन गैस सिलिंडर देने हों, प्रदेश की महिलाओं के लिए 30 प्रतिशत के क्षैतिज आरक्षण की व्यवस्था को लागू करनी हो, जबरन धर्मांतरण पर रोक के लिए कानून बनाना हो, देश का सबसे कड़ा नकल विरोधी कानून बनाना हो, आंदोलनकारियों को आरक्षण देना हो, पुनः सरकारी नौकारियों में खेल कोटा प्रारंभ करना हो या फिर हाल ही में उच्च शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रदेश के विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने के लिए उठाए गए कदम हों, सभी पर सरकार ने तेजी से कार्य किया है।

प्रदेश में नई एमएसएमई पॉलिसी को लागू किया है : धामी
कहा, प्रदेश में नई एमएसएमई पॉलिसी को लागू किया गया और निजी इंडस्ट्रियल स्टेट पॉलिसी को भी अपनाया है। आने वाले समय में सर्विस सेक्टर, सेब की खेती और आयुष क्षेत्र से जुड़ी नीतियां लागू की जाएंगी। प्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने को एक ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट आयोजित की जा रही है।
उत्तराखंड में नई पर्यटन नीति लाई गई
कहा, राज्य में नई पर्यटन नीति लाई गई है। कुमाऊं के पौराणिक मंदिरों को चार धाम की तर्ज पर विकसित करने को मानस खंड मंदिर माला मिशन पर कार्य किया जा रहा है। आदि कैलाश मार्ग पर सुविधाओं को बढ़ाया जा रहा है। हरिद्वार-ऋषिकेश गंगा कॉरिडोर को स्वीकृति प्रदान की गई है। रोड, रेल तथा रोपवेज तीनों ही क्षेत्रों में केंद्र के सहयोग से कार्य किया जा रहा है।

दून में भव्य सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा
कहा, देहरादून में भव्य सैन्यधाम का निर्माण किया जा रहा है। सरकार शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी में समायोजित भी कर रही है। स्वतंत्रता सेनानियों और उनकी विधवाओं की पेंशन को बढ़ाने के साथ ही द्वितीय विश्व युद्ध की वीरांगना एवं वेटरन की पेंशन में वृद्धि की गई है। उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारियों की पेंशन में भी वृद्धि की गई है। वृद्धावस्था, विधवा और दिव्यांगजन पेंशन की राशि को बढ़ाया गया है।

पर्यावरण और शिक्षामित्रों का मानदेय भी बढ़ाया
पर्यावरण और शिक्षामित्रों के मानदेय में भी बढ़ोतरी की गई है। व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की धनराशि को पांच लाख रुपये से बढ़ाकर 10 लाख किया गया है। नई शिक्षा नीति को लागू किया जा चुका है। मुख्यमंत्री ने कहा, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं तथा स्वरोजगार के क्षेत्र मे कार्य कर रही महिलाओं के लिए मुख्यमंत्री एकल महिला सशक्तिकरण स्वरोजगार योजना और मुद्रा लोन योजना शुरू की है, जिसमें पांच लाख तक का लोन शून्य ब्याज दर पर दिया जा रहा है। सीमांत तहसीलों के लिए मुख्यमंत्री सीमांत क्षेत्र विकास योजना शुरू की।
मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्ति योजना शुरू की
उभरते खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन खेल छात्रवृत्ति योजना प्रारंभ की। कहा, प्रदेश में स्टार्टअप शुरू करने की चाह रखने वाले यहां के युवाओं के लिए 30 नए इंक्यूबेशन सेंटर खोलने की तैयारी की जा रही है। लैंड जिहाद के विरुद्ध कार्यवाही में अब तक देवभूमि में 2,765 एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया जा चुका है। नदियों व जलस्त्रोतों को पुनर्जीवित करने की पहल बड़े स्तर पर की गई है। प्रदेश में 304 करोड़ रुपये से 18 हजार पॉली हाउस की स्थापना को कार्ययोजना पर कार्य किया जा रहा है।
कीवी, दाल चीनी और तिमूर मिशन पर सरकार कर रही काम
कहा, कीवी मिशन, दाल चीनी मिशन, तिमूर मिशन पर भी कार्य किया जा रहा है। राज्य में एरोमा वेलियां विकसित की जा रही हैं। काशीपुर में राज्य के पहले एरोमा पार्क का भी भूमि पूजन किया। ऊपरी यमुना नदी में स्थित त्यूनी प्लासू परियोजना पीआईबी स्वीकृत हो चुकी है। उत्तराखंड को विद्युत उपभोक्ताओं की सेवाओं के लिए सर्विस सेक्टर में भारत सरकार की रेटिंग में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मुख्यमंत्री ने इससे पूर्व बलबीर रोड़ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में भी ध्वजारोहण किया। इस मौके पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह, राज्य सभा सांसद नरेश बंसल, मेयर सुनील उनियाल गामा, विधायक खजान दास, मुख्य सचिव डॉ. एस.एस सन्धु, अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी, पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार, सचिव शैलेश बगौली आदि थे।
पांच पुलिसकर्मियों को सराहनीय सेवा पदक भी प्रदान किया
सीएम धामी ने प्रदेश के पांच पुलिस अफसरों एवं कर्मचारियों को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक भी प्रदान किया। हेड कांस्टेबल चमन कुमार, एसपी अमित श्रीवास्तव, एसपी रेखा यादव, सरिता डोभाल एवं आरक्षी धीरेन्द्र सिंह चौहान को मुख्यमंत्री सराहनीय सेवा पदक प्रदान किया।

मुख्यमंत्री आवास पर भी धामी ने फहराया तिरंगा
मुख्यमंत्री धामी ने अपने आवास पर ध्वजारोहण करते हुए कहा, अमर बलिदानियों के सपनों के अनुरूप देश को आगे बढ़ाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सराहनीय कार्य हो रहे। आज भारत समर्थ, समरस एवं शक्तिशाली भारत के रूप में आगे बढ़ रहा है। कहा, अभी मानसून सक्रिय है, प्रदेश में अतिवृष्टि से काफी नुकसान हुआ है। अतिवृष्टि से प्रदेश में हुए नुकसान का आकलन कराया जा रहा है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश