प्रदेश की कई योजनाओं के लाभार्थियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह में भाग लेने के लिए नई दिल्ली किया गया आमंत्रित
पूरे देश से विकसित भारत बनाने में सहयोग देने वाले लगभग छह हजार लोगों को नई दिल्ली किया गया आमंत्रित
बेबाक दुनिया ब्यूरो
देहरादून। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य है। इसी कड़ी में 78वें स्वतंत्रता दिवस की थीम है ‘विकसित भारत’। लक्ष्य को साधने के लिए देश और राज्यों के कई विभाग उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं और कई विभागों द्वारा संचालित योजनाओं से कई जरूरतमंद लाभांवित हो रहे हैं।
पिछले साल की तरह इस वर्ष भी पूरे देश से लगभग 6000 ‘विशेष अतिथियों’ को भारत सरकार ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली आमंत्रित किया है। उत्तराखंड के कई केंद्र सरकार की योजनाओं के लाभार्थी और विभागों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे लगभग 110 लोग 15 अगस्त को दिल्ली के ऐतिहासिक लालकिले में विशेष अतिथि के रूप में 78वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के साक्षी बनेंगे।
प्रदेश में प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, अटल इनोवेशन मिशन, लखपति दीदी योजना सहित कई योजनाओं के लाभार्थियों और नीति आयोग, आंगनबाड़ी केंद्रों, एएनएम-आशा कार्यकत्रियों, सीमा सड़क संगठन, पंचायती राज और जनजातिय मंत्रालय की जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को ‘विशेष अतिथि’ के तौर पर आमंत्रित किया गया है।
बागेश्वर जिले के कपकोट ब्लॉक के जामुवाखाल गांव की धना देवी, पौड़ी गढ़वाल, दुगड्डा के ग्राम मंडाई के नरेंद्र सिंह, महिला एवं बाल विकास विभाग में जेंडर स्पेशियलिस्ट देहरादून की सुप्रिया चंद और उनके साथ काम कर रही 10 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां, उत्तरकाशी के नौगांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में तैनात एएनमए पूजा राणा, सीमा सड़क संगठन के कामगार पुष्कर सिंह और यशवंत सिंह, खटीमा की शिक्षिका संगीता बत्रा को भी आमंत्रित किया गया है।
इसी तरह ऊधमसिंह नगर के बघौैरी गांव की लखपति दीदी योजना की लाभार्थी पवित्रा राणा, सीमांत जनपद पिथौरागढ़ के दूरस्थ गांव ननकुड़ी की ग्राम प्रधान ममता और उनके पति लक्ष्मण सिंह, देहरादून की कालसी की प्यारो देवी और प्रभा देवी को भी नई दिल्ली आमंत्रित किया गया है। इसके अलावा अटल इनोवेशन मिशन के तहत स्कूली बच्चों को भी अबकी स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली आमंत्रित किया गया है।
![]()

More Stories
ग्यारहवें ज्योर्तिलिंग बाबा केदार के कपाट खुले
गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट अक्षय तृतीया पर खुले
दून-सहारनपुर-मोहण्ड @ टनल रेल लाइन की गुजारिश